अंबाला। केंद्र सरकार ने शनिवार को आम बजट जारी कर दिया है। बजट पर अमर उजाला की ओर से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सभी वर्ग से जुड़े लोगों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस बार का बजट मध्यमवर्गीय लोगों को ध्यान में रखकर बनाया है।
सबसे बड़ी सौगात 12 लाख रुपये तक आय वाले लोगों को दी गई है कि उन्हें अब टैक्स देने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे में इस सौगात का सीधा फायदा मध्यमवर्गीय लोगों को होगा। किसानों के लिए भी इस बजट में कई योजनाओं के विस्तार का लेखा-जोखा रखा गया है ताकि किसानों की आर्थिक स्थिति को सुधारा जा सके। इसके अलावा छोटे उद्योगों, महिला उद्यमी को लोन का जिक्र हर बार किया जाता है मगर धरातल में उन्हें काफी परेशानी आती है। इसका सरकार को जरूर समाधान करना चाहिए।
सेवानिवृत सरकारी कर्मचारी हरीश मदान ने कहा कि 12 लाख रुपये तक टैक्स में छूट मध्यम वर्ग के लोगों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात है। लेकिन इसकी पिक्चर पूरी जानकारी के बाद सामने आएगी कि इस छूट में क्या शामिल है और क्या नहीं।
व्यवसायी अरुण कुमार ने कहा कि श्रमिकों के लिए बेशक लोन सीमा में वृद्धि की गई है लेकिन सरकार को यह भी देखना चाहिए कि असल में इस योजना का फायदा जरूरतमंद व्यक्ति को मिल भी रहा है या नहीं।
निजी कर्मचारी गाैरव छोटे उद्योगों को शुरु करने के लिए लोन सीमा में वृद्धि की गई है। यह अच्छी बात है। इससे युवाओं को व्यवसाय करने का मौका मिलेगा।
निजी कर्मचारी नवजिंदर ने कहा कि ये बजट कुछ विशेष नहीं है। नई बोतल में पुरानी शराब डाल दी गई है। अभी तो मुख्य बातों से ही वाहवाही लूटी जा रही है। जब इनकी विस्तृत रिपोर्ट सामने आएगी, तब पता चलेगा कि क्या राहत मिली है।
युवा टीपू सुलतान ने बताया कि सभी जिला अस्पतालों में डे केयर कैंसर की सुविधा मिलेगी। यह एक अच्छी सौगात है। इससे कैंसर मरीजों व तीमारदारों को राहत मिलेगी और अस्पताल में ही मरीजों की सही तरीके से देखभाल हो सकेगी।
व्यापारी हंसराज कहते हैं कि उड़ान योजना के तहत अंबाला छावनी में एयरपोर्ट तो बन गया है। अब इससे जहाज उड़ने का इंतजार हो रहा है। यह एक अच्छी सौगात है। इससे दूसरे शहरों में जाना आसान हो जाएगा और समय की भी बचत होगी।