अंबाला। ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लाइज एसोसिएशन, मंडल कार्यकारिणी, अंबाला मंडल ने रेलवे बोर्ड के नए आदेश स्वागत करते हुए इसे रेलवे कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक कदम बताया है। मंडल सचिव पवन कुमार मेहरा, अध्यक्ष ओम प्रकाश मीना सहित देवेंद्र कुमार आदि ने बताया कि रेलवे बोर्ड की ओर से जारी निर्देश में सभी जोनल रेलवे एवं प्रोडक्शन यूनिट को उन कर्मचारियों के लंबित मामलों की अंतिम सूची शीघ्र भेजने को कहा गया है, जो 22 दिसंबर 2003 से पूर्व विज्ञापित, अधिसूचित पदों के विरुद्ध भर्ती हुए थे तथा जिन्होंने निर्धारित समयावधि में पुरानी पेंशन योजना के अंतर्गत आने हेतु अपना विकल्प प्रस्तुत किया था। एसोसिएशन का मानना है कि लंबे समय से अनेक कर्मचारी अपने वैध अधिकार के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। रेलवे बोर्ड द्वारा अब लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए स्पष्ट निर्देश जारी करना कर्मचारियों के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
लंबित मामलों की हो जांच
मंडल कार्यकारिणी ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि मंडल स्तर पर लंबित सभी प्रकरणों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर उन्हें तत्काल मुख्यालय भेजा जाए, ताकि पात्र कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। एसोसिएशन का यह भी मानना कि पुरानी पेंशन योजना केवल आर्थिक सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है। संगठन कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस विषय को मजबूती से उठाता रहेगा। एसोसिएशन ने सभी संबंधित कर्मचारियों से अपील की है कि यदि उनका मामला अभी लंबित है तो वे आवश्यक दस्तावेज सहित संबंधित शाखा कार्यालय एवं प्रशासन से संपर्क बनाए रखें, ताकि समय रहते उनका प्रकरण भेजा जा सके।