संवाद न्यूज एजेंसी अंबाला। कैंट के नागरिक अस्पताल स्थित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेट्री में आने वाले मरीजों को सैंपल के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की परेशानी को देखते हुए लैब के बाहरी हिस्से में ही सैंपल कक्ष बना रखा है। इस कक्ष में छह चेयर है। इनमें बिना घंटों इंतजार किए मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इस कदम से न केवल मरीजों का समय बच रहा है और बिना किसी परेशानी के जल्द उपचार मिल रहा है। पहले सैंपल एक ही जगह होने के कारण मरीज को काफी समय तक कतार में लगकर एक के एक बारी का इंतजार करना पड़ता था, अब उससे छुटकारा मिल गया है।
हाईटेक लैब में पहुंच चुकी है करोड़ों की मशीनें : साल 2025 में इस लैब को इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेट्री (आईपीएचएल) का दर्जा मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने करोड़ों रुपये की मशीनें लगा दी है ताकि अस्पताल के मरीजों को किसी तरह से परेशानी न होगा। लेबोरेट्री को अत्याधुनिक उपकरण, हाईटेक फर्नीचर, एयर कंडीशनर से लैस किया गया है। बता दें कि इस लैब में जिलाभर से मरीज आकर सैंपल देकर टेस्ट करवाते हैं। लैब में स्टाफ के अलावा
ट्रेनिंग पर आने वाले मेडिकल छात्र भी तैनात रहते हैं।
पहले लैब में जगह कम होने से मरीजों को इंतजार करना पड़ता था। अब अलग से छह सैंपल कलेक्शन प्वाइंट शुरू होने से मरीजों को बहुत राहत मिली है।
डॉ. पूजा पेंटल, पीएमओ अंबाला
लैब के सैंपलिंग रूम भी एसी से किए लैस
इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेट्री के सैंपलिंग रूम को पूरी तरह से एसी से लैस किया गया है। साथ ही अत्याधुनिक मशीनों की संवेदनशीलता और कार्यक्षमता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन एक विशेष हाईटेक रूम तैयार कर रहा है। मशीनों को गर्म होने से बचाने और उनकी सटीकता बनाए रखने के लिए इस रूम में पांच एसी लगाए गए हैं। इससे लैब में रखे जाने वाले सैंपल के लिए भी निर्धारित तापमान बना रहेगा। हालांकि कैंट का नागरिक अस्पताल सेंट्रल एसी है लेकिन कुछ हिस्से में यह सेंट्रल एसी काम नहीं करता। ऐसे में विभाग को एसी का सहारा लेना पड़ रहा है।