संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। त्योहार के दिनों में जनरल टिकट यात्रियों को अनारक्षित टिकट केंद्र पर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे और न ही उन्हें लंबी कतारों में लगने की जरूरत होगी, जहां वह खड़े होंगे, वहां ही टिकट निरीक्षक उन्हें मोबाइल के माध्यम से प्रिंटिड टिकट देंगे। अंबाला मंडल के अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर इस सुविधा का परीक्षण सफल हो गया है और अब जल्द ही दो टिकट निरीक्षकों को मोबाइल से टिकट देने की सुविधा के तहत अनारक्षित टिकट के नजदीक तैनात कर दिया जाएगा जोकि घूम-घूमकर जनरल टिकट यात्रियों को उनके गंतव्य का टिकट देंगे।
भीड़ बढ़ते ही यात्रियों की करेंगे मदद
भीड़ बढ़ते ही मोबाइल टिकट देने वाले कर्मचारी रेलवे परिसर में पहुंच जाएंगे और कतारों में खड़े यात्रियों की समस्या का समाधान करते हुए उन्हें जनरल टिकट देंगे। यात्रियों को मात्र अपने गंतव्य की जानकारी देने होगी, इसके चंद सेकेंड में ही टिकट यात्री के हाथ में थमा दी जाएगी, इसके अलावा मोबाइल से प्लेटफार्म टिकट देने का भी प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर लगी तीन ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन पर भी सेवानिवृत रेल कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। एक मशीन पर कर्मचारी की तैनाती कर दी गई है, जल्द ही अन्य दो मशीनों पर भी कर्मचारी तैनात हो जाएंगे जोकि जनरल यात्रियों को उनके गंतव्य की टिकट उपलब्ध करवाएंगे। रेलवे ने इस सुविधा के तहत अनारक्षित टिकट केंद्र के नजदीक दो और पूछताछ केंद्र के पास एक मशीन स्थापित की हुई है।
बनेगा सहायता केंद्र
त्योहार पर लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे कार्रवाई में जुट गया है। जल्द ही अनारक्षित टिकट केंद्र के पास ही सहायता बूथ भी स्थापित किया जाएगा। यहां तैनात रेलवे कर्मचारी यात्रियों का मार्गदर्शन करेंगे ताकि स्टेशन पर ठहराव के दौरान उनकी परेशानियों का समाधान किया जा सके, इसके अलावा यात्रियों को टिकट देने, सुरक्षा व सुविधा और ट्रेनों आदि की जानकारी भी सहायता बूथ पर प्रदान की जाएगी।
एक लाख तक पहुंचने की उम्मीद
मौजूदा समय में लगभग 20 से 25 हजार यात्री अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से बिहार व यूपी आदि की तरफ सफर करते हैं, लेकिन त्योहार के दिनों में यह संख्या एक लाख तक पहुंच जाती है। ऐसे में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रण में रखना काफी जोखिम भरा हो जाता है। इसलिए रेलवे इस बार अनारक्षित टिकट केंद्र पर भीड़ करने की कवायद कर रहा है।
मोबाइल के माध्यम से टिकट का परीक्षण सफल हो गया है। त्योहार के दिनों में भीड़ बढ़ते ही दो रेल कर्मचारियों को अनारक्षित टिकट केंद्र पर तैनात कर दिया जाएगा जोकि कतारों में खड़े यात्रियों को तुरंत टिकट उपलब्ध कराएंगे।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।