अंबाला। प्रीमियम ट्रेनों की तर्ज पर जरनल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को भी ठंडे पानी, सस्ते भोजन और साफ-सफाई की सुविधा मिलेगी और वो भी उनकी खिड़की पर। रेलवे बोर्ड ने निर्देश मिलते ही अंबाला मंडल ने इस पर अमल शुरू कर दिया है। वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक के मार्गदर्शन में 20 कर्मचारियों की तैनाती यात्री सुविधाओं की निगरानी के लिए लगाई गई है जो ट्रेनों में जनरल कोच के अलावा रेलवे स्टेशन पर भी खान-पान स्टाल सहित अन्य व्यवस्थाओं पर निगरानी रखेंगे। ग्रीष्मकालीन अवकाश पर ट्रेनों और स्टेशनों पर बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह निर्देश जारी किए हैं जोकि जोन महाप्रबधंकों सहित मंडल रेल प्रबंधकों भेजे हैं।
तीन स्टेशनों पर विशेष निगरानी
अंबाला मंडल के अधीन तीन रेलवे स्टेशनों पर निगरानी के लिए 10 टीमों का गठन किया गया है जो दो शिफ्ट में कार्य कर रही हैं। इसमें अंबाला रेलवे स्टेशन सहित सहारनपुर और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को शामिल किया गया है। टीम को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि ट्रेन में भी सफर के दौरान वह जरनल कोच के यात्रियों से मंत्रणा करेंगे और अगर उन्हें साफ-सफाई सहित अन्य कोई परेशानी है तो संबंधित विभाग से बात कर उसका समाधान भी करवाएंगे।
जनता खाना रखने के सख्त निर्देश
अंबाला, सहारनपुर और चंडीगढ़ रेलवे स्टेशनों पर 70 से अधिक खान-पान स्टाल हैं। सभी स्टाल संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि उनके स्टाल पर हमेशा जनता खाना होना चाहिए। वहीं ठंडे पानी के लिए भी वाटर कूलर को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। रेहड़ियों व खोमचे वालों को भी जरनल कोच के समक्ष खड़े होने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कि यात्री खिड़की से ही खाने का सामान खरीद सकें।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर जरनल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को भी जनता खाना, ठंडा पानी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। साफ-सफाई को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 20 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। अभी किसी स्टेशन से कोई शिकायत सामने नहीं आई है।
नवीन कुमार झा,वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।