अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। इसके तहत अंबाला मंडल द्वारा लगभग 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विकास कार्यों सहित अन्य खामियों को दूर करने के लिए उत्तर रेलवे को भेजे गए प्रस्ताव पर अनुमति मिल गई है। जल्द ही विस्तृत योजना तैयार करके स्टेशन को सुविधाओं से सुसज्जित करने का कार्य शुरु कर दिया जाएगा।
रेलवे द्वारा जारी किए फंड के तहत कैंट रेलवे स्टेशन पर सबसे जरूरी कार्य प्लेटफार्मों की छतों की रिपेयर करवाई जाएगी। बारिश के दिनों में छतों से पानी टपकने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार उनके कपड़े और सामान भी भीग जाता है। ऐसे में रेलवे कोई कई शिकायतें भी प्राप्त हो चुकी हैं। इसलिए इस बार प्लेटफार्म एक से सात की छतों को समुचित ढंग से दुरुस्त किया जाएगा ताकि बारिश की एक भी बूंद प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों के ऊपर न गिरे।
10 साल पुराना बदलेगा सिस्टम
यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के तहत अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर स्थापित किए गए कोच गाइडेंस सिस्टम में भी बदलाव किया जाएगा। यह सिस्टम लगभग दस वर्ष पुराना हो चुका है और सिस्टम के कारण कई बार यात्रियों को ट्रेन की सही जानकारी भी नहीं मिल पाती थी। इसलिए अब नए कोच गाइडेंस सिस्टम सभी प्लेटफार्मों पर लगाए जाएंगे।
एसएसई पर गिर चुकी गाज
प्लेटफार्म पर लगे कोच गाइडेंस सिस्टम के कारण वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) पर भी गाज गिर चुकी है। मंडल रेल प्रबंधक के निरीक्षण के दौरान कोच गाइडेंस सिस्टम काम नहीं कर रहे थे। जब मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित विभागीय अधिकारी को पूछताछ के लिए बुलाया तो वो मौके पर ही नहीं था। जब दूसरे अधिकारी ने इसकी जानकारी डीआरएम को दी तो उन्होंने तुरंत प्रभाव से संबंधित एसएसई का तबादला अंबाला से दूसरी जगह करने के निर्देश दे दिए।
रेलवे परिसर में सुविधा
रेलवे परिसर को भी हरा-भरा बनाने का कार्य किया जाएगा। इसके तहत पुराने शौचालयों की जगह परिसर में नए शौचालय बनाए जाएंगे। वहीं रेलवे परिसर में बैठने के लिए एक भी बैंच नहीं है। परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ यहां पर बैंच आदि लगाने की भी योजना है।
आरएलडीए द्वारा तैयार किया प्रस्ताव अभी रेलवे बोर्ड के पास भेजा गया है। इससे पहले कुछ खामियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरु की जाएगी। इसमें छत से पानी टपकने की परेशानी को खत्म किया जाएगा वहीं पुराने कोच गाइडेंस सिस्टम की जगह नया सिस्टम लगाया जाएगा। इसी प्रकार कुछ अन्य खामियों को भी दूर किया जाएगा।
नवीन कुमार झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।