अंबाला सिटी। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चलाए जा रहे अभियान के तहत वीरवार को किंगफिशर रिजोर्ट एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में जिले की टीबी मुक्त पंचायतों को सम्मानित किया गया। हाल ही में अंबाला जिले में 151 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। जिसमें 13 पंचायतों को लगातार दूसरी बार टीबी मुक्त बनने पर सिल्वर पदक दिया गया।
इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि जो ग्राम पंचायतें शेष रह गई हैं, उन्हें भी टीबी मुक्त करने की दिशा में बेहतर तरीके से कार्य करना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अंबाला ऐसा पहला जिला है जिसमें 151 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हुई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस बीमारी से डरने की जरूरत नहीं है बल्कि समय रहते इसका इलाज करवाकर इससे निजात पाना है।
राज्य टीबी रोग अधिकारी राजेश राजु ने कहा कि अभियान के तहत हमें पूरे जिला को टीबी मुक्त करना है। इस मौके सिविल सर्जन डा. राकेश सहल, डा. सीमा, डा. चित्रा शर्मा, डा. नीलम कुशवाहा, डा. पवन चौधरी, डा. गुरमीत सिंह, डा. विकास, डा. कुलविन्द्र, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, डीआईपीआरओ धर्मेन्द्र कुमार के साथ-साथ सरपंच व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।