नारायणगढ़। 134ए के तहत बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला नहीं मिल रहा है। इससे परेशान होकर अभिभावक शनिवार को लघु सचिवालय पहुंचे और प्रशासन व स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखा रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी, उपमंडल अधिकारी से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हालत जस के तस हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों ने सरकार द्वारा ली गई परीक्षा पास की।
प्रशासन ने ही उन्हें स्कूल अलॉट किए। इसके बाद भी बच्चों को अलाट किए गए लगभग आधा दर्जन स्कूल दाखिल करने से न इंकार कर रहे हैं। अभिभावकों का यह भी कहना है कि यदि प्राइवेट स्कूल सरकार के आदेशों का पालन ही नहीं करते तो ऐसे में सरकार की इस नीति का क्या लाभ है। प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने मांग की कि सरकार इस समस्या को शीघ्र सुलझाए, ताकि बच्चों का भविष्य खराब न हो।