अंबाला। अंबाला खंड टू के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बकरा मार्केट में बुनियाद और सुपर-100 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुदेश कुमारी, प्रधानाचार्या आरती, जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज व विकल्प फाउंडेशन से पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में खंड के राजकीय स्कूलों से 8वीं और 10वीं कक्षा के टॉप-3 विद्यार्थी बुलाए गए। इस मौके पर मिशन बुनियाद केंद्र में पढ़ रही संभालखा गांव की बच्ची की माता रीना ने मंच पर अपना अनुभव सांझा किया। रीना ने कहा कि उसके पति राजमिस्त्री हैं। उसको अपनी बेटी की वजह से मंच पर बोलने का मौका मिला है। उसको काफी अच्छा लग रहा है।
वहीं, कार्यक्रम में बच्चों को बुनियाद व सुपर-100 के बारे में जागरूक किया। यह कार्यक्रम सुबह 9 से दोपहर तक चला। जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम में राजकीय स्कूलों के कक्षा 8वीं और 10वीं के टॉप तीन विद्यार्थी बुलाए गए। आठवीं में पढ़ने वाले बच्चे बुनियाद केंद्र पर पढ़ाई के लिए प्रवेश परीक्षा देंगे। यह परीक्षा दो चरण में होगी। पहले चरण के लिए पंजीकरण किए जा रहे हैं। यह 16 दिसंबर तक चलेंगे।
यह है सुपर-100 कार्यक्रम
2018 में शुरू होने वाली सुपर-100 योजना का उद्देश्य 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को आईआईटी और मेडिकल की निशुल्क कोचिंग प्रदान करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पिछले चार वर्षों में 160 से अधिक छात्रों को आईआईटी, एनआईटी और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश मिला है।
मिशन बुनियाद में चल रहे पांच केंद्र
मिशन बुनियाद के अंतर्गत, नौंवी और दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की गई है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बीच में एक स्वतंत्र, सकारात्मक और प्रतिस्पर्धी भावना बढ़ाना, जिससे वह अपने आगामी जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकें। जिले में पांच बुनियाद सेंटर राजकीय स्कूलों में चल रहे हैं।
जागरूकता और सेमिनार का यह है उद्देश्य
हरियाणा सरकार और शिक्षा विभाग ने खंड स्तर पर सेमिनार का आयोजन किया है जिससे स्कूलों के छात्रों को इन कार्यक्रम के फायदों के बारे में जागरूकता हो सके। इस सेमिनार के माध्यम से बच्चों को सरकारी योजना के लाभ के बारे में समझाया जा रहा है और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।