अंबाला। जननायक एक्सप्रेस में तैनात दो पैंट्री कर्मचारियों पर हमला हो गया। उन्हें अधमरा करके छोड़ दिया गया। मारपीट करने वाले निहंगों ने रेलवे यार्ड में चेन खींचकर ट्रेन रोक दी और मौके से भाग गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची आरपीएफ ने दोनों घायल कर्मचारियों को अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत के चलते दोनों कर्मचारियों को चंडीगढ़ के अस्पताल में भेज दिया गया। दोनों घायल कर्मचारियों की पहचान दोराहा पंजाब निवासी बंटी और राजन के तौर पर हुई है।
दो बजे हुई घटना
बंटी और राजन के रिश्तेदार सन्नी ने बताया कि बंटी और राजन पर हमला शनिवार रात दो बजे के बीच हुआ था। उनकी ड्यूटी ट्रेन नंबर 15212 में थी। जब वह ट्रेन में काम कर रहे थे तो इस दौरान चार से पांच निहंग एक यात्री को तंग कर रहे थे और उन्होंने धक्का-मुक्की करते हुए यात्री से रुपये भी छीन लिए। जब बंटी ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो उन्होंने बंटी से मारपीट शुरु कर दी, जब राजन ने बीच-बचाव किया तो दोनों को तेजधार हथियारों से घायल कर दिया। मामला बढ़ता देखकर उन्होंने रेलवे आउटर यार्ड में चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया और मौके से भाग गए। इसके बाद मामले की सूचना आरपीएफ को दी गई।
प्राथमिक जांच में खुलासा
वहीं प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि पैंट्री कर्मचारियों ने कोच की सीटों पर सामान रखकर कब्जा किया हुआ था और रुपये लेकर वो यात्रियों को बैठने के लिए सीटें दे रहे थे। इस दौरान यात्रियों को खाने-पीने की वस्तुएं देने का दबाव भी पैंट्री कर्मचारी बना रहे थे। जब निहंगों ने पैंट्री कर्मचारियों की इस ज्यादती पर आवाज उठाई तो उन्होंने उनके साथ गाली-गलौज शुरु कर दी। इस दौरान मामला हाथापाई तक पहुंच गया तो रेल यार्ड में ट्रेन के रुकते ही निहंग उतरकर चले गए।
पहले भी हो चुकीं घटनाएं
निहंगों का यात्रियों के ऊपर हमला कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कैंट रेलवे स्टेशन पर निहंग यात्रियों को तेजधार हथियार से हमला करके घायल कर चुके हैं। वहीं पूर्व में अंबाला कैंट के जीआरपी थाने में दो निहंगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसी प्रकार अंबाला छावनी के लालकुर्ती बाजार में भी अगस्त में दो निहंगों ने एक रेहड़ी संचालक पर तलवार से हमला करके उसे घायल कर दिया था।
शनिवार रात जननायक एक्सप्रेस से दो पैंट्री कर्मचारियों को रेलवे यार्ड में उतारा गया था। उन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
- राजेश कुमार, कार्यकारी प्रभारी, आरपीएफ पोस्ट, अंबाला।
चंडीगढ़ के सेक्टर 32 अस्पताल से संदेश आया था। इस संबंध में दोनों पैंट्री कर्मचारियों से बात की गई है और उन्हें शिकायत देने के लिए कहा गया है, जैसे ही शिकायत आएगी तो मामला दर्ज कर लिया जाएगा।
- राजकुमार, कार्यकारी प्रभारी जीआरपी अंबाला।