हरियाणा में होने जा रहे पंचायती चुनाव में शिरोमणि अकाली दल (बादल) भी अपनी चुनौती पेश करेगा। इसके लिए शिअद ब्लाक समिति व जिला परिषद के चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसके लिए शिअद हरियाणा इकाई को हरी झंडी मिल चुकी है और जल्द ही शिअद अपने उम्मीदवारों को भी फाइनल करेगी।
शिअद ने पंचायती चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद शिअद अब ब्लाक समिति और जिला परिषद के चुनावों की तैयारियों में जुट गई है। पंचायती चुनावों में शिअद की एंट्री से विरोधी दलों के समर्थित उम्मीदावरों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।
माना जा रहा है कि इन चुनाव में सिखों की वोट एक अहम टर्निंग प्वाइंट माना जा रहा है और इसी को भुनाने के लिए शिअद यह दांव खेलेगी। जिला परिषद और ब्लाक समिति में शिअद की एंट्री काफी खेल बिगाड़ सकती है। सूत्र बताते हैं कि पंजाब के कुछ नेताओं द्वारा जातिगत आधार पर ग्रामीण वोटों को अपनी ओर मोडने की तैयारी है।
जिला में जिप और ब्लाक समिति की स्थिति
अंबाला में जिला परिषद सदस्यों के 15 पद है, जिनमें से 3 महिलाओं के लिए, 2 अनुसूचित जाति महिलाओं के लिए, 3 अनुसूचित जाति के लिए और एक पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित है। शेष 6 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गये हैं। इसी प्रकार अंबाला प्रथम विकास खंड में ब्लाक समिति के 26, अंबाला द्वितीय विकास खंड में 10, साहा में 21, बराड़ा में 24, शहजादपुर में 20 और नारायणगढ़ मे 21 वार्ड हैं।
इन सभी 6 पंचायत समितियों में ब्लाक समिति सदस्यों के कुल 122 पद हैं जिनमें से महिलाओं के लिए 27, अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए 15, अनुसूचित जाति के लिए 26 और पिछड़ी जाति के लिए 6 वार्ड आरक्षित हैं, शेष 48 वार्ड सामान्य श्रेणी के हैं। सामान्य श्रेणी के पंच, सरपंच, ब्लाक समिति और जिला परिषद पदों पर किसी भी जाति का उम्मीदवार चुनाव लड़ सकता है।
जल्द ही हरियाणा में बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा। इसके बाद हरियाणा में पंचायती चुनाव शिअद मजबूत स्थिति को दर्ज कराएगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।
-हरकेश सिंह मोहड़ी, प्रधान, शिअद, अंबाला।