पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए शनिवार को पोलिंग पार्टियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के उपरांत ईवीएम व बेल्ट बॉक्स के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक सांगवान ने स्वयं कल्पना चावला महिला बहुतकनीकी संस्थान व डीएवी कॉलेज अंबाला शहर में मतदान के लिए तैनात की गई पार्टियों को संबोधित किया और उन्हें दी जा रही चुनाव सामग्री की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ-साथ अंबाला प्रथम विकास खण्ड में 16 डयूटी मजिस्ट्रेट और 29 सुपरवाइजर तैनात किये गए हैं। इसी प्रकार अंबाला द्वितीय विकास खण्ड के लिए 5 ड्यूटी मजिस्ट्रेट व 5 सुपरवाइजर तैनात रहेंगे। उन्होंने 17 जनवरी को दूसरे चरण के पंचायत चुनावों के बारे में कर्मचारियों के साथ-साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए तैयार किए गए व्हाट्सएप ग्रुप व मीडिया प्लान पर भी विस्तृत चर्चा की।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंबाला में शांतिपूर्वक चुनावों का इतिहास रहा है, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने व मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने का वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सांगवान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निष्पक्ष ढंग से मतदान संपन्न करवाएं और कहीं भी पक्षपात जैसी भावना का प्रदर्शन न करें। उन्होने संवेदनशील व अति संवेदनशील पोलिंग बूथों पर तैनात किए गए अतिरिक्त पुलिस बल तथा सिविल और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए तैयार की गई योजना पर भी चर्चा की। उन्होंने इस बात पर भी विशेष बल दिया कि मतदान केन्द्रों पर कोई भी ऐसा एजेंट नहीं होना चाहिए जिसकी फोटो एजेंट फार्म पर न लगी हो। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट और सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वह अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर आधे घंटे के अंतराल के उपरांत चक्कर लगाते रहें ताकि शरारत करने वाले तत्वों को किसी प्रकार की घटना को अंजाम देेने का अवसर न मिले।
इस अवसर पर अंबाला प्रथम विकास खण्ड के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कैप्टन शक्ति सिंह, अंबाला द्वितीय विकास खण्ड की रिटर्निंग अधिकारी एवं शिवालिक विकास एजेंसी की सीईओ प्रतिमा चौधरी, एसीपी जगदीप सिंह दून, हितेष यादव, बीडीपीओ रविन्द्र कुमार व रवि कुमार, पंचायत अधिकारी राज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।