संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सिख सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आठ जून को निकाले जाने वाले महान नगर कीर्तन से संबंधित बैठक हुई। श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस को समर्पित नगर कीर्तन सिख सीनियर सेकेंडरी स्कूल से निकाला जाएगा।
एसजीपीसी सदस्य जत्थेदार हरपाल सिंह पाली ने बताया कि इस बार आयोजित होने वाले नगर कीर्तन में गुरु साहिब की पालकी विशेष तौर पर गुरुद्वारा श्री गुरु फतेहगढ़ साहिब से आ रही है। यह पालकी अंबाला में पहली बार नगर कीर्तन में शामिल होने जा रही है। संगत को इतनी नजदीक से पालकी साहब के दर्शनों का यह पहला अवसर प्राप्त होगा।
नगर कीर्तन के लिए संगत और दुकानदारों को निमंत्रण दिया जा रहा है। नगर कीर्तन सिख सीनियर सेकेंडरी विद्यालय से आरंभ होकर विजय रतन चौक, पंजाबी गुरुद्वारा , गुरुद्वारा कछतरी सत्संग, मच्छी मोहल्ला, सदर बाजार, खालसा क्लॉथ हाउस, कच्ची सराय, गुरुद्वारा श्री सुखमणि साहिब सेवा सोसायटी में रात को आठ बजे समाप्त होगा। नगर कीर्तन में कीर्तन की सेवा भाई हर्ष, भाई अरविंदर सिंह तथा भाई नरेंद्र सिंह नंदा निभाएंगे।
संचालन की सेवा सरदार जसवंत सिंह भाटिया और उनके साथी करेंगे। नगर कीर्तन में विद्यालय के बैंड, गतका पार्टी तथा तथा स्कूल के बच्चे शामिल होंगे। अध्यक्ष सिख सीनियर सेकेंडरी स्कूल और महासचिव शिरोमणि अकाली दल हरियाणा जगमीत सिंह जोश ने संगत से निवेदन किया कि वो नगर कीर्तन में पहुंचकर पालकी साहिब के दर्शन करें। बैठक में सतनाम सिंह, दविंदर पाल सिंह कोहली, अवतार सिंह, चेतन कोहली, राजेंद्र सिंह, सरबजीत सिंह, रंजीत सिंह, अरविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।