बराड़ा। गोपाष्टमी के पावन पर्व पर नगर पालिका के चेयरमैन रजत मलिक ने स्थानीय श्री गोविंद गोशाला में पहुंचकर गो-माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
चेयरमैन रजत मलिक ने कार्यक्रम के दौरान गोवंश के संरक्षण और उन्हें सर्दी-गर्मी व बारिश की मार से बचाने के लिए गौशाला में नए शेड के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। गोशाला प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने चेयरमैन के इस कदम के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर गौशाला कमेटी के सदस्यों सहित कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।