अंबाला छावनी में नगर परिषद कार्यालय के गेट पर रोष प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी। संवाद
अंबाला। सफाई कर्मचारियों ने स्वच्छतम ऐप पर हाजिरी का विरोध शुरू कर दिया है। इस कड़ी में बुधवार को नगर परिषद अंबाला सदर कार्यालय के समक्ष गेट पर सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस संबंध में एक ज्ञापन नप के कार्यकारी अभियंता को सौंपा।
नगरपालिका कर्मचारी संघ के प्रधान सेवा राम ने बताया कि पालिकाओं, परिषद और निगमों के कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए सात अगस्त 2024 को सरकार से बात हुई थी। इसमें कर्मचारियों की कई अहम मांगों पर सहमति भी बनी थी। वार्ता के दौरान संघ की ओर से यह मांग रखी गई थी कि पालिकाओं के सफाई कर्मचारियों की हाजिरी स्वच्छतम मित्र ऐप पर न लगाई जाए क्योंकि यह ऐप आउटसोर्स व अन्य ठेकों की निगरानी करने के लिए बनाई है।
इस मांग को सरकार ने जायज ठहराया था और आश्वासन दिया था कि वो इस एप में सुधार करेंगे ताकि सफाई कर्मचारियों की हाजिरी इस ऐप पर न लगाई जाए लेकिन बैठक के बाद भी सरकार ने इस संबंध में अभी तक कोई भी अधिसूचना जारी नहीं की है। संवाद