अंबाला सिटी। अंबाला सिटी अनाज मंडी में संत गुरु रविदास प्रबंधक कमेटी की ओर से दूसरा विशाल संत सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में दूर दराज के क्षेत्रों से संगत पहुंची। वहीं डेरा सच्च खंड बल्लां जालंधर के गद्दी नशीन श्री श्री 108 संत निरंजन दास जी महाराज इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे।
संत निरंजन दास महाराज ने कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक धर्म या जाति के गुरु नहीं थे। उन्होंने सभी धर्मों से जुड़े लोगों को समाज में फैली विभिन्न प्रकार की कुरीतियों का विरोध करने के बारे में मार्गदर्शन किया था, ताकि समाज के सभी लोग एक-दूसरे को सम्मानजनक नजरों से देखें। गुरु रविदास जी ने लोगों को शिक्षित होने पर भी जोर दिया था, क्योंकि गुरु का कहना था कि यदि समाज पूरी तरह से शिक्षित होगा तो समाज व देश एक उन्नति की राह पर आगे बढ़ेगा।
सम्मेलन में विभिन्न जिलों से आए संतों ने श्रद्धालुओं को गुरुओं द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। वहीं सिटी विधायक असीम गोयल ने भी संत निरंजन दास महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मेयर शक्ति रानी शर्मा को संत निरंजन दास महाराज की ओर से सिरोपा व संत गुरु रविदास जी महाराज का चित्र भेंट किया गया। मेयर ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज महान समाज सुधारक थे। इसी कड़ी के चलते सिटी की रविदास बस्ती में स्थित रविदास मंदिर के ऊपरी हॉल का संत निरंजन दास महाराज द्वारा शिलान्यास किया गया। इसके निर्माण कार्य पर 35 लाख 55 हजार रुपये की राशि खर्च होगी।
इस मौके पर विभिन्न जिलों से आए संत मनदीप दास, संत सोमदास, संत निर्मल दास, संत रोशनी दास, संत सूरजभान दास, संत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञान नाथ, संत सतपाल दास, पूर्व मेयर रमेश मल के साथ-साथ रविदास बस्ती गुरु रविदास मंदिर के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट रोहित जैन, डिप्टी मेयर राजेश मेहता, भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद, जजपा विधायक ईश्वर सिंह आदि ने भी आशीर्वाद लिया।