गांव गणेशपुर के रणजीत सिंह के खाते से किसी ने ऑनलाइन शापिंग कर 48 हजार रुपये की राशि उड़ा दी। उनके मोबाइल पर मैसेज आने के बाद पता चला कि किसी शातिर ने उसके खाते से यह रकम उड़ाई है। पीड़ित अब अपनी शिकायत लेकर पुलिस के दरवाजे पर भटक रहा है।
पीड़ित रणजीत ने बताया कि वह 14 दिसंबर को अंबाला से दिल्ली जा रहा था। पानीपत टोल टैक्स पर उसने पर्ची कटवाने के लिए अपना एटीएम दिया था। वहां मौजूद कर्मी ने एटीएम से रुपये काट लिए, लेकिन उसके पास रुपये कटने का मैसेज 15 दिसंबर को आया। उस समय खाते में से केवल 84 रुपये काटे जाने का ही मैसेज आया। इसके बाद उसने अपना मोबाइल नहीं देखा। बीते सोमवार को उसके मोबाइल पर खाते में केवल 10 रुपये रहने का मैसेज आया।
यह मैसेज देख वह तुरंत बैंक में पहुंचा। बैंक में पहुंच जब उसने खाते की डिटेल निकलवाई तो पता चला कि 17 दिसंबर को उसके खाते से एक-एक दो-दो हजार रुपये निकालकर 13 बार ऑनलाइन शॉपिंग की गई। ऐसे में उसके खाते से करीब 48 हजार रुपये निकल गए। पीड़ित रणजीत सिंह पानीपत टोल टैक्स पर और फिर पानीपत पुलिस स्टेशन में गया लेकिन अभी तक कोई राहत नहीं मिल पाई है।