अंबाला सिटी। कॉलेजों में सोमवार को ऑनलाइन पोर्टल नहीं चलने से कई विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवा पाए। सुबह से दोपहर तक तो पोर्टल चलने में ज्यादा दिक्कत आई। दोपहर बाद यह पोर्टल चल सका। यह पहला मौका नहीं है कि जब पोर्टल बंद हो गया था। इससे पहले भी पोर्टल बंद हो चुका है।
यही नहीं पहले डेशबोर्ड पर ही फीस भरने के लिए ऑप्शन आता था। इस बार विद्यार्थी अपनी लॉगइन आईडी से ही फीस जमा करवा पा रहे हैं। यही नहीं पहले अगर विद्यार्थी लॉगइन आईडी का पासवर्ड भूल जाता था तो फारगेट पासवर्ड का भी विकल्प आता था, लेकिन इस बार फारगेट पासवर्ड का विकल्प भी नहीं आ रहा। ऐसे में उन विद्यार्थियों के लिए समस्या ज्यादा बढ़ गई है, जो विद्यार्थी अपना पासवर्ड भूल गए हैं या उनसे डिलीट हो गया है। वहीं, कॉलेजों में पहली मेरिट सूची के तहत फीस जमा करवाने का 9 जुलाई आखिरी दिन है।
शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय से दाखिला नोडल अधिकारी प्रो. निशा बुराक ने बताया कि सोमवार को पोर्टल में समस्या आई थी। जिससे विद्यार्थी अपनी फीस जमा नहीं करवा पाए। दोपहर करीब तीन बजे दोबारा पोर्टल चला। शाम तक पोर्टल ठीक चलता रहा। मंगलवार को फीस भरने की अंतिम तारीख है। यह तारीख बढ़ेगी या नहीं अभी इसको लेकर उच्चतर शिक्षा विभाग से कोई जानकारी नहीं आई है। कॉलेजों में द्वितीय व तृतीय वर्ष के दाखिले को लेकर प्रमोशन होना होता था, लेकिन पोर्टल नहीं चलने से इसको लेकर भी समस्या रही।
छावनी के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से दाखिला नोडल अधिकारी सरबजीत कौर ने बताया कि सोमवार दिन में पोर्टल पर विद्यार्थियों की लॉगइन आईडी खुल नहीं रही थी। पोर्टल विद्यार्थियों की आईडी इनवैलिड दिखा रहा था। पोर्टल में समस्या आने से काफी बच्चे फीस भरने से वंचित रह गए, हालांकि शाम को पोर्टल चल गया था।
छावनी के एसडी कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजिंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12 बजे तक पोर्टल चलने में दिक्कत आई। अगर पोर्टल में कोई दिक्कत आती है तो कॉलेज ऑफलाइन दाखिला भी कर सकता है और पोर्टल चलने पर वह बाद में ऑनलाइन दाखिला कर सकते हैं।
पॉलिटेक्निक में आवेदक 12 से 15 जुलाई तक भरेंगे सीट विकल्प
शहर के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के दाखिला नोडल अधिकारी धर्मवीर सैनी ने बताया कि कॉलेज में 8 कोर्स में 600 सीट हैं। इन सीट के मुकाबले कुल 1165 आवेदन आए थे। इनमें 1034 फार्म सत्यापित किए गए। जिन आवेदकों ने फीस नहीं भरी उनके फार्म रिजेक्ट हो गए। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई शाम 5 बजे मेरिट यानी रैंक जारी किया जाएगा। आवेदक अपने लॉगइन आईडी व पासवर्ड से रैंक देख सकेंगे। 12 जुलाई सुबह 10 बजे से 15 जुलाई रात 11.59 तक ऑनलाइन काउंसलिंग करेंगे। इसमें आवेदक अपनी सीट का विकल्प भरेंगे। उन्होंने कहा कि जब आवेदक सीट विकल्प भरें तो सबसे पहले अपनी सबसे पसंदीदा सीट विकल्प ही भरें। इसके बाद दूसरे नंबर पर पसंद सीट को विकल्प के तौर पर भरें। सीट के आवटन को सुनिश्चित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा विकल्प भरने चाहिए। जो आवेदक 12 से 15 जुलाई तक विकल्प भरेंगे। इसके बाद उनका परिणाम जारी किया जाएगा।