कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को कोरोना ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान ले ली। इस मौत के साथ अप्रैल माह के 13 दिन में 13 मौत हो चुकी हैं यानी अप्रैल में औसतन हर दिन कोरोना ने एक जान ली। उधर, कोरोना के चलते लगातार संक्रमित मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। मंगलवार को आईटीआई अंबाला शहर के 15 छात्र संक्रमित मिले।
हालांकि आईटीआई प्रबंधन को इस बारे में स्वास्थ्य विभाग ने कोई सूचना नहीं दी। हैरत की बात तो यह है कि एक साथ 15 छात्र संक्रमित मिलने के बावजूद शहर राजकीय आईटीआई को सील नहीं किया गया, जबकि सात दिन पहले 19 केस मिलने पर बराड़ा राजकीय आईटीआई को सील कर दिया गया था, जबकि शहर राजकीय आईटीआई में बराड़ा के मुकाबले स्टाफ और बच्चों की संख्या भी दोगुनी से भी ज्यादा है। मंगलवार को कुल 137 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनको मिलाकर जिले में अब तक 15 हजार 845 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से इस समय 1520 मरीज एक्टिव हैं।
75 सदस्य स्टाफ के 1400 छात्र
राजकीय आईटीआई अंबाला शहर की बात करें तो यहां 75 सदस्य स्टाफ और करीब 1400 छात्र प्रशिक्षण ले रहे हैं, जबकि बराड़ा राजकीय आईटीआई जिसे सात दिन पहले सील किया गया था वहां करीब 600 छात्र और करीब 40 स्टाफ कार्यरत हैं। बराड़ा राजकीय आईटीआई पिछले छह दिनों से बंद ही पड़ी है।
नाइट कर्फ्यू अब 10 बजे से लगेगा, असमंजस में रहे दुकानदार
वहीं, देर शाम सरकार ने नाइट कर्फ्यू के समय में भी परिवर्तन कर दिया। एक दिन पहले रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया था। वहीं, मंगलवार शाम को इसमें बदलाव करते हुए रात 10 से सुबह 5 बजे का एलान कर दिया। इसी कारण कारोबारी और व्यापारी असमंजस में रहे। सदर बाजार एसो. के प्रधान अजय गुलाटी ने कहा कि सरकार पूरे साल में नोटिफिकेशन को समय पर और सही तरीके से जारी करने में पूरी तरह से नाकाम रही है। इसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ता है।
वेंटिलेटर सपोर्ट पर थी बुजुर्ग महिला
प्रेम नगर निवासी 80 वर्षीय जिस बुजुर्ग महिला की मौत हुई वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर चल रही थी। सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप सिंह के अनुसार महिला को उच्च रक्तचाप और शुगर की समस्या भी दी। बता दें कि इस समय भी जिले में करीब 100 मरीज वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और बाईपेप के सहारे सांसें गिन रहे हैं। जिले में अभी तक कोरोना के 2 लाख 85 हजार 667 सैंपल लिए जा चुके हैं। इस समय जिले में करीब 100 मिनी कंटेनमेंट जोन बनाए जा चुके हैं।
89.31 प्रतिशत रिकवरी दर, 1.09 मौत दर
जिले में लगातार कोरोना संक्रमित मरीज बढ़ने से रिकवरी दर घटकर 89.31 प्रतिशत रह और मौत दर बढ़कर 1.09 प्रतिशत हो गई है। जिले में मंगलवार को 85 मरीजों को कोरोना से मुक्त घोषित किया गया। अब तक 14151 मरीज कोरोना मुक्त हो चुके हैं, जबकि 174 लोगों की जिले में कोरोना पिछले साल से अब तक जान ले चुका है।
यहां से मिले कोरोना के नए मरीज
75 नए मरीज अंबाला शहर, छावनी से 19, शहजादपुर से 5, मुलाना से 7, बराड़ा से 10, नारायणगढ़ से 6 और 15 मरीज चौड़मस्तपुर एरिया से मिले हैं। इनमें दो जग्गी गार्डन अंबाला सिटी, प्रेम नगर, काजीवाड़ा, पटेल रोड, बलदेव नगर, जगाधरी गेट, सेक्टर-8, मोती नगर से एक-एक नया केस मिला है, जबकि जग्गी गार्डन, प्रीत नगर अंबाला शहर, रेलवे रोड अंबाला शहर, न्यू प्रताप नगर अंबाला शहर, कैथ माजरी अंबाला शहर, शिव प्रताप नगर अंबाला कैंट, न्यू मॉडल टाउन कॉलोनी अंबाला शहर, ग्रेटर कैलाश अंबाला सिटी, जनसूई, जग्गी कॉलोनी अंबाला शहर, चुड़ियाली, वार्ड नंबर आठ व एक नारायणढ़ से दो-दो, सेक्टर-1, 9 और डिफेंस कॉलोनी से 3-3, टैगोर गार्डन से 5 नए केस मिले हैं।
2 लाख 21 हजार को लगाया जा चुका टीका
दूसरी तरफ जिले में दो लाख 21 हजार लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। जिले में सोमवार के बाद मंगलवार को भी टीका उत्सव के दौरान टीका लगवाने वालों में जोश देखते ही बन रहा था।
करीब 15 छात्र कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसीलिए एहतियात के तौर पर निदेशालय द्वारा दी गई शक्तियों के अनुसार दो दिन संस्थान बंद करने की फाइल उपायुक्त के पास आवश्यक अनुमति के लिए भेज दी गई है। किसी भी तरह से संक्रमण को बढ़ने नहीं दिया जाएगा। नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर आईटीआई को सैनिटाइज करवाने की आग्रह किया गया है। अभी तक भी तमाम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है जबकि 4 दिन पहले सैंपल दिए गए थे।
- भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्रिंसिपल आईटीआई।
निश्चित तौर पर मामले की मैं जांच की जाएगी। आईटीआई बराड़ा को क्यों सील किया गया है और यहां भी यदि स्थिति ऐसी ही है तो यहां भी कार्रवाई की जाएगी।
- सचिन गुप्ता, एसडीएम बराड़ा।