बब्याल में एक युवक दोपहर 12 बजे चिलचिलाती धूप में 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर गया। स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही युवक पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। लोगों ने सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंचीं। देखते ही देखते लोगों का जमावड़ा लग गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारकर पुलिस अपने साथ महेश नगर थाने ले गई। जहां रिश्तेदारों को बुलाकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बता दें कि बब्याल में सरकारी स्कूल के ठीक पीछे दो कंपनियों के टावर एक साथ लगे हुए हैं। दोपहर को युवक मौका देखते ही बंद गेट को लांघकर भीतर दाखिल हो गया था।
पुलिस समझाने में रही नाकाम
युवक पहले तो टावर के सबसे ऊपर था। लोगों ने समझाया तो वह थोड़ा नीचे तक आ गया था और वहीं रुक गया। इतने में जैसे ही महेश नगर थाना पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी पहुंचे तो उन्हें देखकर वह कूद जाने की धमकी देते हुए दोबारा ऊपर चढ़ गया। युवक के पैर लड़खड़ाते देखकर पुलिस के पसीने छूट गए। किसी तरह पुलिस टावर से दूर गली में जाकर खड़ी हो गई, ताकि युवक को वह दिखाई न दें। ऐसे में टावर पर चढ़े युवक के पड़ोस में रहने वाली महिला बुजुर्ग हाथ में कोल्डड्रिंक की बोतल लेकर पहुंची और करीब आधा घंटा युवक को बहलाने-फुसलाने के बाद नीचे उतारा।
अंबाला में अपने रिश्तेदारों के पास रहता है युवक, बोला- मेरे घर पहुंचाओ
टावर पर चढ़ा करीब 30 वर्षीय युवक मूलरूप से कालका का रहने वाला है। बब्याल में वह कुछ समय से अपने रिश्तेदार के पास रह रहा है। युवक बार-बार बोल रहा था कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है और कोई उसकी ओर ध्यान नहीं दे रहा। पहले परिजनों को बोला की वो उसे घर बुला लें। परिजनों से बात करने का आश्वासन देकर सभी उसे नीचे उतारते रहे। बताया जाता है कि वह नशे का भी सेवन करता है, जबकि रिश्तेदारों का कहना था कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा है।
टावर से उतारने के बाद युवक के रिश्तेदारों को बुलाया गया था। उनका कहना था कि युवक मानसिक रूप से परेशान है। पूरी जांच के बाद युवक को उन्हें सौंप दिया।
-अजैब, थाना प्रभारी महेश नगर