- दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो पकड़ा गया, अब फोन नहीं उठा रहा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नकली वीजा देकर एक लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने सिटी के जग्गी गार्डन निवासी जितेंद्र कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। जितेंद्र ने बताया कि उसके साथ टमनोली गांव निवासी लखविंदर सिंह व दिनारपुर निवासी रणधीर सिंह ने ठगी की है। उन्होंने बताया कि वो पेशे से चालक हैं। उन्हें लोगों ने बताया था कि लखविंदर सिंह विदेश भेजने का काम करता है। लखविंदर सिंह का दोस्त रणधीर सिंह उन्हें वर्ष 2022 में मिला था और उन्होंने लखविंदर सिंह के बारे में बताया था कि वह एजेंट का काम करता है।
उन्होंने भी अमेरिका जाने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद रणधीर सिंह उन्हें लखविंदर सिंह के घर पर लेकर गया। लखविंदर सिंह ने कहा कि उन्हें 2 लाख 30 हजार रुपये विदेश जाने के लिए देने होंगे। वहीं कहा कि पहले पर्यटक वीजा पर रोमानिया जाएंगे और वहां पर तीन महीने तक रहना पड़ेगा। इस पर लखविंदर सिंह ने उनसे एक लाख रुपये ले लिए। लखविंदर सिंह ने 2 सितंबर 2024 को उन्हें नकली ई-वीजा पर भेजा जहां उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। उन्होंने वहां माफी मांगकर जान बचाई और घर लौट आए। इसके बाद लखविंदर से बात की तो वह टाल-मटोल करने लगा और फिर फोन उठाना ही बंद कर दिया।