अंबाला। एक घंटे की बारिश ने मानसून से निपटने के लिए प्रशासन के दावों की पोल खोल दी। इस एक घंटे में हालात यह बने कि कई कॉलोनियों की गलियां पानी से जलमग्न हो गईं। इतना ही नहीं मुख्य नाले भी ओवर फ्लो हो गए। उधर जिम्मेदारों का कहना है कि उन्होंने मानसून से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। अब सवाल उठता है कि क्या इसी तरह की तैयारी से मानसून से निपटा जाएगा। बता दें कि शनिवार को अंबाला में 28.6 एमएम बारिश हुई।
सबसे ज्यादा परेशानी नालियों के कारण आई। अधिकतर इलाकों में नालियां तो बनी है लेकिन उनकी निकासी न होने के कारण पानी सड़कों व गलियों में जमा हो गया। इसी कारण बारिश बंद होने के बावजूद भी घंटों पानी ही नहीं उतरा। यहां तक कि मंत्री से लेकर डीसी भी नगर निगम, नगर परिषद, सिंचाई विभाग सहित तमाम अधिकारियों की बैठक ले चुके हैं लेकिन पहली बारिश में नतीजा सिफर दिखा जबकि नगर निगम के ईओ कॉलोनियों के जलमग्न होने के बावजूद भी मानसून से निपटने का दावा करते हैं। सुबह आलम यह था कि लोगों को अपने काम पर जाने के लिए भी इस गंदे पाने के बीच हो होकर गुजरना पड़ रहा था। जिस कारण लोगों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
इस क्षेत्रों में हुआ जलभराव
अंबाला छावनी के गोबिंद नगर, महेश नगर से बब्याल को जाने वाली मुख्य रोड, दयाल बाग, मतिदास नगर, तनेजा वाली गली, राजा पार्क, रानी बाग, किस्मत नगर, बीडी फ्लोर मिल के पीछे की दर्जनों कॉलोनियां, एकता विहार, रामपुर सरसेहड़ी, बीडी स्कूल के साथ वाली गली, नगर परिषद के ठीक साथ वाली गली, तोपखाना। जबकि शहर के छोटा बाजार, मेहरा वाला चौक, सेक्टर-7, सेक्टर 8, सेक्टर 9, सेक्टर 10, प्रेमनगर, जग्गी कॉलोनी, बलदेव नगर, मानव चौक, जगाधरी गेट, डीएवी कॉलेज रोड, नदी मोहल्ला, कपड़ा मार्केट, हीरा नगर, कमल विहार, शालीमार कॉलोनी व अन्य जगहों की ऐसी ही स्थिति दिखाई दी।
करेंगे समाधान
नप सफाई कर्मचारियों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अगर कहीं कोई समस्या है तो इसका समाधान करवाया जाएगा। राय मार्केट के नाले की भी लगातार सफाई करवाई जाएगी।
-विनोद बैनीवाल, सफाई निरीक्षक।
हमारी ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है, सभी बड़े नालों को साफ करवा दिया है और छोटे नाले भी अधिकतर साफ करवा दिए गए हैं। निचले क्षेत्र से पानी निकासी के लिए 10 पंप की भी विभिन्न जगहों पर व्यवस्था की गई है। अधिकतर क्षेत्र ऐसे हैं, जहां से बहुत से तेजी से पानी उतरा है। हमारी ओर से मानसून को लेकर पूरी तैैयारी है।
- जरनैल सिंह, ईओ, नगर निगम।