संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे ने छठ पूजा के शुभ अवसर पर रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों का प्रसारण शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को त्योहार की शुभ भावना से जोड़ना और उनके सफर को और भी सुहावना बनाना है। छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बजने वाले ये भक्तिपूर्ण गीत श्रद्धालुओं के लिए एक पवित्र माहौल का निर्माण कर रहे हैं। उत्तर रेलवे अंबाला मंडल कैंट रेलवे स्टेशन सहित शिमला आर अंब अंदौरा रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों का प्रसारण किया गया। इन गीतों को सुनकर बिहार व यूपी जाने वाली यात्री काफी आनंदित नजर आए और इससे उनके सफर में भक्ति और उल्लास का संचार हो रहा था।
स्टेशनों पर एक अनोखा सांस्कृतिक स्वागत
एक अनूठी और हृदयस्पर्शी पहल के तहत अंबाला मंडल के अधीन स्टेशनों पर उद्धोषणा प्रणाली के माध्यम से पारंपरिक भोजपुरी छठ गीत बजाए जा रहे हैं। लोक आस्था का महापर्व छठ , अपने मधुर लोकगीतों के बिना अधूरा है। यह अनूठी पहल यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने के लिए की गई है ।
रेलवे के निर्देश पर यह पहल की गई है। छठ पर्व से संबंधित गीतों का प्रसारण सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर किया जा रहा है। इसे सुनकर यात्री काफी आनंदित हो रहे हैं और उनमें भक्ति व उल्लास का संचार हो रहा है।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।