अंबाला। जगाधरी गेट स्थित मोबाइल रिपेयर की दुकान का शटर तोड़कर चोरो ने हजारों रुपये के पुराने मोबाइल चोरी कर लिए। चोरी की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना शहर पुलिस को दी शिकायत में परमजीत सिंह ने बताया कि वह बादशाही बाग कॉलोनी शहर का है। वह जगाधरी गेट पर मोबाइल रिपेयर की दुकान जस एसेसरीज हब के नाम से चलाता है। रोजाना की तरह वह बुधवार की रात वह अपनी दुकान ठीक से बंद कर घर चला गया। वीरवार सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन पर सूचना दी कि उसकी दुकान शटर टूटा पड़ा है। वह दुकान पर आया तो देखा कि दुकान से दो टैब पुराने व रिपेयर के लिए आए करीब 10 पुराने मोबाइल फोन गायब थे। उसने दुकान में लगा सीसीटीवी चैक किया, जिसमें एक लड़का चोरी करता दिखाई दे रहा है। उसने कपडे़ से अपना चेहरा ढका हुआ था। इसके बाद उन्होंने पड़ोसी के कैमरे को चेक किया उसमें तीन लड़के एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसकी दुकान के बाहर आए और दुकान का शटर तोड़कर सामान चोरी कर लिया।