संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। पपलोथा गांव में एक उपभोक्ता के कनेक्शन पर लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मर से चोरों ने तेल और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। बिजली निगम की शिकायत पर पुलिस ने विद्युत अधिनियम के तहत सरकारी संपत्ति के चोरी की धारा 136 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) की केसरी सब-डिवीजन के एसडीओ अनिल ने मुलाना थाना प्रभारी को भेजी शिकायत में बताया कि गांव पपलोथा निवासी गुलतार सिंह के कनेक्शन (एसओपी) पर लगे 25 केवीए ट्रांसफार्मर से 27 अक्तूबर को अज्ञात चोरों ने सामान चोरी कर लिया। उपभोक्ता से सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के इंचार्ज जेई-1 राजकुमार और छपरा शिकायत केंद्र की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
जांच में पाया गया कि ट्रांसफार्मर से 45 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल (कीमत 5,670 रुपये), 20 किलोग्राम एल्युमिनियम कॉइल (3,840 रुपये), 15 किलोग्राम लैमिनेटेड कोर (3,750 रुपये), तीन एचटी रॉड (1,050 रुपये) और चार एलटी रॉड (1,000 रुपये) गायब हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत 15,310 रुपये आंकी गई है। जांच अधिकारी एएसआई मुकेश कुमार ने बताया कि विभाग के पत्र के आधार पर डाक से शिकायत प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज जांच शुरु कर दी गई है।