अंबाला। कैंट नागरिक अस्पताल के प्रसूति विभाग में नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट मामले में सोमवार समस्त नर्सिंग ऑफिसर ने मिलकर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एक घंटे तक काम बंद कर नर्सिंग ऑफिसर ने पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल को एक ज्ञापन सौंपा। इस बीच मरीजों को उपचार के लिए इंतजार करना पड़ा।
नर्सिंग ऑफिसर ने प्रसूति विभाग में 24 घंटे महिला डॉक्टर की तैनाती करने व सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। कहा कि डाक्टर न होने के कारण नर्सिंग ऑफिसर पर भी सारी जिम्मेदारी डाल दी जाती है। जबकि डॉक्टर के बिना न तो रेफर किया जा सकता है और न ही गंभीर मरीजों का उपचार।
पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल ने जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। उधर, नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट करने वाली चुडियाली गांव निवासी तीमारदार महिला ने थाने में लिखित व मौखिक रूप से माफी मांगी, लेकिन नर्सिंग ऑफिसर की तरफ से इस पर सहमति नहीं जताई गई।
तीमारदार महिला को मंगलवार कैंट के नागरिक अस्पताल में पीएमओ कार्यालय में बुलाया गया है। रजिमेंट चौकी प्रभारी जय कुमार ने बताया कि तीमारदार महिला ने प्रसूति विभाग में वीडियो बनाने व नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट करने के मामले में माफी मांग ली है। संवाद