अंबाला। नए कानूनों से अब पुलिस की कार्यप्रणाली में भी काफी बदलाव कर दिया है। पुलिस को किसी तलाशी या जब्ती करती है या फिर घटनाक्रम पर जाती है तो जांच अधिकारी को उसी समय की वीडियो और फोटोग्राफी करनी होगी।
जब मामला दर्ज करने की कार्रवाई होगी तो उसके साथ वीडियो को अटैच करना होगा। ऐसा करने पर संबंधित मामले में जब भी कहीं सुनवाई होगी तो उस वीडियो को देखा जा सकेगा। अदालत में भी जज को फैसला सुनाने में काफी मदद मिलेगी। ऐसे में जांच अधिकारी का काम भी बढ़ गया है।
उधर, सभी थानों के ऑपरेटरों के अलावा जांच अधिकारियों को भी इस बारे में ट्रेनिंग के जरिए जानकारी दी जा रही है। मधुबन आदि जगह पर जवानों के बैच को भेजा जा रहा है। हालांकि जो मुलाजिम ट्रेनिंग लेकर आए है उनके लिए भी अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यहीं कारण है कि फोन के जरिए मुख्यालय में बैठे ऑपरेटरों से मदद ले रहे हैं।
अभी बदली धाराओं में हो रहे मुकदमे दर्ज
पहली जुलाई से हुए बदलाव के बाद अंबाला के अलग-अलग थानों में बदली गई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है लेकिन अभी वीडियो अपलोड वाले सिस्टम में समय लग रहा है। इसके बारे में पूरी तरह से ट्रेंड किया जा रहा है। तभी इसे शुरू किया जाएगा। इसके अलावा आमजन को खुद के साथ कोई भी वारदात होने पर थानों की सीमा विवाद में उलझना नहीं पड़ेूगा। जीआरपी की तर्ज पर जीरो एफआईआर की सुविधा शुरू कर दी है। संबंधित व्यक्ति नजदीकी थाने में जाकर शिकायत दे सकते हैं और दूसरे थाने का क्षेत्र है तो पुलिस मुलाजिम अपने पोर्टल पर जीरो एफआईआर के जरिए संबंधित थाने में सूचना दे सकेंगे।
नए कानून की किताबों से बढ़ेगा ज्ञान
अलग-अलग थानों से मुलाजिम ट्रेनिंग लेने के बाद दूसरे साथियों को भी जानकारी दे रहे हैं। ऑनलाइन के अलावा जल्द ही पुलिस विभाग की तरफ से नए कानून की किताबें भी मुलाजिमों को उपलब्ध करवाई जाएगी। ताकि वह ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटा सके और लोगों को न्याय दिलवा सके।
थाना प्रभारियों को सौंपा प्रचार का जिम्मा
एसपी अंबाला सुरेंद्र सिंह की तरफ से सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम करवाने के निर्देश दिए गए है। जो आमजन को नए कानूनों के बारे में बता सके। भले ही 1 जुलाई से नए कानूनों को लागू कर दिया गया हो लेकिन अभी भी लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का यह जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।