अंबाला। कैंसर, एड्स व अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीज अब अंबाला में हो सकेंगे फ्लो साइटोमेट्री टेस्ट करा सकेंगे। पहले ये सुविधा रोहतक व चंडीगढ़ पीजीआई में थी। अब मरीज अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल की जिला इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी में इस टेस्ट को करा सकेंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने करीब 51 लाख रुपये की लागत की फ्लो साइटोमेट्री मशीन खरीद ली है।
कंपनी के इंजीनियर जल्द ही इस मशीन को लैब में इंस्टॉल करेंगे। अभी तक रोहतक और चंडीगढ़ पीजीआई को छोड़कर प्रदेश के किसी नागरिक अस्पताल में इस मशीन की सुविधा नहीं है। जबकि निजी अस्पतालों में भी यह मशीन न होने के कारण टेस्ट को चंडीगढ़ व दिल्ली लैब में भेजा जाता है। इस टेस्ट के लिए हजारों रुपये का खर्च आता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हाईटेक मशीन को चलाने के लिए कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। जो रोहतक पीजीआई में मशीन का संचालक करने वालों से सभी जानकारी जुटाएंगे ताकि जांच के दौरान कोई परेशानी न हो। इससे बीमारी के फैलाव का सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संवाद
ब्लड व फ्लूड के लिए जाएंगे सैंपल, पैथोलॉजिस्ट बनाएंगे रिपोर्ट
इस टेस्ट के लिए ब्लड से सैंपल या फिर पेट व फेफड़ों के आसपास भरे पानी के सैंपल से किया जाएगा। रिपोर्ट तैयार करने के लिए लैब में पैथोलॉजिस्ट डॉ. नीतू इसकी गंभीरता से जांच करेंगी। जरूरत पड़ती है तो इस रिपोर्ट को तैयार करने के लिए ऑनलाइन चंडीगढ़ व रोहतक पीजीआई के विशेषज्ञों से सलाह ली जाएगी। इस मशीन के साथ माॅनिटर, सैंपल स्टोरेज मशीन आदि अटैच है।
-
फ्लो साइटोमेट्री टेस्ट की मशीन आ गई है। अभी इसे इंस्टॉल किया जाएगा। यह कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों के लिए होता है।
डॉ. यशपाल वर्मा, निदेशक, अटल कैंसर केयर केंद्र
-