अंबाला। पंजाब के रेल बुनियादी ढांचे और सिख श्रद्धालुओं को एक बड़ी सुविधा मिलेगी। अंबाला रेल मंडल के तहत आने वाले क्षेत्र में रेल संपर्क को मजबूत करते हुए केंद्र सरकार ने रमन मंडी–सद्दा सिंहवाला नई ब्रॉड गेज रेल लाइन परियोजना को हरी झंडी दे दी है।
इस परियोजना के पूरा होने के साथ ही गुरु की काशी कहा जाने वाला तख्त श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो) अब रेल मार्ग के जरिए देश के अन्य चार तख्तों से सीधा जुड़ जाएगा। आस्था और विकास का नया ट्रैक : केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने बठिंडा में इस ऐतिहासिक परियोजना की घोषणा की। उन्होंने इसे पंजाब के लिए लंबे समय से लंबित न्याय करार दिया। अंबाला मंडल के इस महत्वपूर्ण रेल लिंक के बन जाने से श्रद्धालुओं को अब बठिंडा या अन्य स्टेशनों से सड़क मार्ग का सहारा नहीं लेना पड़ेगा, बल्कि वे सीधे रेल से पवित्र भूमि तक पहुंच सकेंगे।