अंबाला सिटी। कोर्ट रोड स्थित स्माइल एंड केयर संस्था द्वारा संचालित सेफ हाउस से भागे बच्चों के मामले में पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
बच्चों की जानकारी लेने के लिए संबंधित थाना पुलिस की मदद लेने का भी प्रयास किया जा रहा है। बच्चों के भागने की घटना को एक दिन बीत गया है फिर भी बच्चों का कोई सुराग नहीं लग सका है। वहीं बच्चों के साथ पकड़े गए दो संदिग्धों को भी पुलिस पूछताछ के लिए बुलाएगी ताकि बच्चों की सही जानकारी मिल सके।
एनजीओ संचालक ने दी थी शिकायत : सिटी के कोर्ट रोड पर एनजीओ चल रहे मनोज कुमार की तरफ से इस संबंध में लिखित शिकायत दी गई थी। मनोज ने शिकायत में बताया था कि 20 नवंबर को सीडब्लयूसी के माध्यम से छह बच्चे रात को एनजीओ में रुकने के लिए आए थे। 21 नवंबर की सुबह इनमें से नेपाल के रहने वाले तीन बच्चे बिना बताए कहीं चले गए। उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिले। इसलिए पुलिस से आग्रह किया जाता है कि उनकी तलाश करने में मदद करें।