हरिंद्र पाल सिंह
अंबाला। चंडीगढ़ शताब्दी सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों पर होने वाली पथराव की घटनाओं को रोकने के लिए आरपीएफ अब आमजन को अपना सहयोगी बनाएगी। आरपीएफ ने इसकी तैयारी शुरु कर दी है। इसकी शुरुआत अंबाला-चंडीगढ़ रेलवे ट्रैक किनारे बसे लोगों से आरंभ कर दी गई है। उन्हें रेलवे एक्ट की जानकारी सहित गैरकानूनी कार्य करने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रेलवे यात्रियों का सफर सुरक्षित व सुविधाजनक करने के लिए लगातार नए-नए बदलाव कर रही है। चाहे वह यात्रियों के लिए नई ट्रेन चलाने से संबंधित हो या फिर साफ-सफाई व अन्य जरूरी कार्यों को लेकर हो। लेकिन इसके बाद भी कुछ शरारती तत्वों को रेलवे का यह कार्य पसंद नहीं आ रहा है। ऐसे लोग अपनी गलत कार्यशैली से रेलवे की संपत्ति का नुकसान कर रहे हैं और ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की जान के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं से सामने आ रहा है। इसलिए रेलवे इस पर लगाम लगाने का प्रयास कर रही है। प्रमुख ट्रेनों में जहां आरपीएफ व जीआरपी की गश्त बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है, वहीं संवेदनशील स्थानों से गुजरने वाली ट्रेनों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती करने की योजना भी तैयार की जा रही है।
आमजन के सहयोग से शरारती तत्वों पर शिकंजा
मंडल वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त चौका रघुबीर के आदेशानुसार आरपीएफ ने ऐसे संदिग्ध रेलवे ट्रैक व सेक्शन की रूपरेखा तैयार की है जो पिछले कुछ समय के दौरान ट्रेनों पर हुई पत्थरबाजी में संदिग्ध रहे हैं। ऐसे स्थानों पर आमजन को सहयोगी बनाने का कार्य आरपीएफ ने आरंभ कर दिया है।
अंबाला-चंडीगढ़ सेक्शन संवेदनशील
कुछ समय पहले चंडीगढ़ शताब्दी पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी। अभी इस मामले का आरोपी गिरफ्त से बाहर है। लेकिन आगामी सुरक्षा को देखते हुए अंबाला-चंडीगढ़ सेक्शन पर कुछ संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया है। इस सेक्शन पर रेलवे ट्रैक किनारे बसी झुग्गी-झोपड़ियों और रिहायशी इलाकों में बसे लोगों को जागरूक करने का बीड़ा आरपीएफ ने उठाया है। छावनी पोस्ट प्रभारी श्याम सुंदर ने आमजन को सहयोगी बनाने का कार्य आरंभ कर दिया है।
182 और 1512 पर सूचना दें सूचना
आरपीएफ प्रभारी ने नया गांव वासियों को जागरूक करते हुए बताया कि ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटनाओं के कारण यात्री की जान जा सकती है या चोट लग सकती है। अगर कोई व्यक्ति यह कार्य करता है तो तुरंत इसकी सूचना रेलवे हेल्पलाइन नंबर 182 व 1512 पर दें ताकि उक्त व्यक्ति को तुरंत पकड़ा जा सके। इसके लिए बाकायदा प्रमुख स्थानों पर चेतावनी पोस्टर चिपकाए जा रहे हैं
पत्थरबाजी से टूट चुके हैं वंदे भारत सहित श्रीशक्ति एक्सप्रेस के कांच
पत्थरबाजी की घटनाओं से देश की प्रीमियम ट्रेन भी अछूती नहीं हैं। इसमें देश की हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत व श्रीशक्ति एक्सप्रेस भी शामिल हैं। हालांकि इन ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाएं अंबाला मंडल में नहीं हुई थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उक्त ट्रेनों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
आमजन की सहभागिता जरूरी
ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है ताकि ऐसे शरारती तत्वों को मौके पर ही पकड़ा जा सके। इसलिए रेलवे ट्रैक के साथ प्रमुख स्थानों पर स्थानीय निवासियों को जागरूक करने का काम किया जा रहा है।
चौका रघुबीर, मंडल सुरक्षा आयुक्त अंबाला।