श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा से अंबाला की ओर आ रही देश की सबसे वीआईपी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक पर पशु आने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सिटी रेलवे स्टेशन के नजदीक घेल गांव के पास वंदे भारत एक्सप्रेस का अगला हिस्सा व इंजन बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही की ट्रेन पलटने से बच गई। सूचना मिलते ही रेलवे और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और पशु को ट्रैक से हटाया। हादसे के वक्त ट्रेन के 14 कोच में करीब 750 यात्री सफर कर रहे थे।
30 मिनट की देरी से पहुंची वंदे भारत
जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 22440 कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस रोजाना की तरफ शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे कटरा रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। वंदे भारत का अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय लगभग 9 बजे है, लेकिन वंदे भारत तय समय पर अंबाला नहीं पहुंची। रेलवे अधिकारियों को जानकारी मिली कि वंदे भारत एक्सप्रेस सिटी रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। मामला देश की सबसे प्रीमियम ट्रेन से जुड़ा हुआ था। इसलिए सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी आरपीएफ और जीआरपी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रैक पर पड़े मृत पशु को हटाकर ट्रेन को छावनी की तरफ रवाना किया गया। सिटी रेलवे स्टेशन के नजदीक दुर्घटना के कारण ट्रेन को बीच रास्ते रोकना पड़ा। इस कारण ट्रेन लगभग 30 मिनट की देरी से छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 7 पर पहुंची।
ट्रेन और इंजन का किया मुआयना
वंदे भारत के छावनी पहुंचने के बाद प्लेटफार्म 7 पर पहुंचे अधिकारियों और अन्य स्टाफ ने ट्रेन और इंजन का बारीकी से मुआयना किया। दुर्घटना के कारण ट्रेन का इंजन बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया था।
ट्रेन में बैठे यात्री सहमे
हादसे के दौरान वंदे भारत की स्पीड 100 किलोमीटर से अधिक थी। अचानक ट्रैक पर आए पशु से टकराते ही ट्रेन बुरी तरह से हिल गई। इस दौरान ट्रेन में बैठे यात्रियों में चीख निकल गई, लेकिन ट्रेन चालक ने उद्घोषणा प्रणाली से यात्रियों को घटना की जानकारी देकर शांत कराया।
घेल गांव के पास टकराया पशु वंदे भारत एक्सप्रेस से पशु टकराने की घटना अंबाला सिटी रेलवे स्टेशन के पास घेल गांव के नजदीक किलोमीटर नंबर 272/16 के नजदीक हुई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा टीम मौके पर पहुंच गई थी। ट्रेन की अच्छी तरह से जांच करने के बाद छावनी रेलवे की तरफ रवाना कर दिया गया था। -
कश्मीर सिंह, जीआरपी प्रभारी, सिटी रेलवे स्टेशन।