- 8 लाख का बजट बकाया, बच्चों को 18 वर्ष से कम आयु होने पर मिलता है योजना का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। प्रायोजन योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को मिलने वाली पेंशन का पैसा अभी नहीं मिल पा रहा। इसका कारण यह है कि अब तक बीते मार्च माह से इस योजना का बजट नहीं आया है। यह बजट करीब 8 लाख तक बकाया हो गया है। अब इस बजट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, जिले में अभी प्रायोजन योजना में करीब 106 लाभार्थियों को यह पेंशन मिल रही है। इस योजना में आवेदन करने के बाद विभाग की ओर से सर्वे भी किया जाता है। इसके बाद पेंशन मामले हर माह होने वाली बैठक में रखे जाते हैं और बैठक में चर्चा करने के बाद इन मामलों में आगामी कार्यवाही होती है।
स्पांसरशिप (प्रयोजन) योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से कम आयु के अनाथ बच्चे, एकल अभिभावक के बच्चे (केवल बच्चे की पालन पोषणकर्ता मां जो विधवा, तलाकशुदा परिवार द्वारा परित्यक्त हो), गंभीर बीमारी या दिव्यांगता से ग्रस्त अभिभावक के बच्चे, एचआईवी-एड्स पॉजिटिव बच्चे और किशोर न्याय अधिनियम के अनुरूप बाल देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चे व पीएम केयर योजना के लाभार्थी बच्चे शामिल है। जिनकी अधिकतम पारिवारिक आय 72 हजार रुपये ग्रामीण और 96 हजार रुपये शहरी क्षेत्र में होनी चाहिए। इस योजना के तहत बच्चों को 4 हजार रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के तहत सहायता राशि का उपयोग केवल बच्चे की शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास, वस्त्र और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए किया जाना अनिवार्य है।
स्कूल में उपस्थिति अनिवार्य
बच्चे की निरंतर स्कूल उपस्थिति अनिवार्य है और त्रैमासिक आधार पर कार्यालय द्वारा बच्चे की शिक्षा का फोलोअप भी लिया जाएगा। बच्चे की स्कूल से अनुपस्थिति पाई जाने पर योजना का लाभ बंद कर दिया जाएगा। योजना के लिए स्वीकृति का अंतिम निर्णय नियमानुसार स्पांसरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमेटी द्वारा लिया जाएगा, जिसका लाभ सभी मापदंड को पूरा करने के बाद ही प्राप्त होगा और योजना अनुरूप ही जारी रहेगा। वहीं, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनीषा ने बताया कि इस योजना के बजट के बारे में पता किया जाएगा। विभाग की ओर से समय-समय पर डिमांड भेजी जाती है।