हल्की बारिश में ही परिसर में जगह-जगह हो जाता है जलभराव
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी का बस अड्डा बदहाल है। हल्की बरसात में ही जगह-जगह पानी जमा हो रहा है। बस अड्डे में पानी निकासी के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। परिसर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालात यह है कि यात्रियों को पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। इस दौरान यात्रियों के कपड़े खराब हो रहे हैं।
सबसे बुरा हाल बस अड्डे के प्रवेश द्वार का है। जैसे ही बसें परिसर में प्रवेश करती हैं, टायरों के दबाव से गंदा पानी उछलकर सीधे यात्रियों के ऊपर गिरता है। इससे यात्री के कपडे़ तक गीले हो जाते हैं। बरसात का पानी केवल बाहर ही नहीं, बल्कि बस अड्डे के भीतर भी आफत बना हुआ है। बरसात में बस अड्डे की छत और कमरा नंबर चार में लगातार पानी टपकता है। इससे यात्रियों का वहां बैठना भी दूभर हो गया है।
पिछले कई सालों से बनी इस गंभीर समस्या के बावजूद रोडवेज प्रबंधन आज तक जल निकासी की कोई ठोस योजना नहीं बना पाया है। वहीं परिवहन मंत्री की ओर से बस अड्डे की स्पेशल रिपेयर के लिए 92 लाख रुपये का बजट जारी किया था। पिछले साल से बस अड्डे पर रिपेयर का काम चल रहा है जोकि पूरा होने का नाम ही नहीं ले रहा। वहीं, पानी निकासी की ओर कोई ध्यान नही दिया जा रहा है।
लोगों की पीड़ा
संजय सिंह ने बताया कि हल्की बरसात में ही बस अड्डा परिसर में जगह जगह पानी जमा हो जाता है। जैसे ही कोई बस अंदर आती है ता गंदे पानी की बौछार गिरती है और कपड़े खराब हो जाते हैं।
जगदीश कुमार ने बताया कि बरसात में बस अड्डे की छत से पानी टपकता है। कमरा नंबर चार में भी यहीं हालात है। ऊपर से बरसात का पानी गिर रहा है। पानी निकासी के इंतजाम नहीं है।
महेश ने बताया कि पता चला कि यहां पर पिछले साल से बस अड्डे की रिपेयर चल रही है। लेकिन आज तक पानी निकासी के कोई प्रबंध नहीं किए गए हैं। यह कैसी रिपेयर चल रही है।
रिपेयर का काम चल रहा है। इस समस्या का भी जल्द ही समाधान करवा दिया जाएगा।
अश्वनी डोगरा, महाप्रबंधक,अंबाला डिपो।
अश्वनी डोगरा, महाप्रबंधक,अंबाला डिपो।