अंबाला कैंट के उपमंडल कार्यालय में सफाई करतीं एसडीएम कनिका गोयल। प्रवक्ता
छुट्टी के दिन उपमंडल कार्यालय पहुंचकर किया स्टाफ के साथ किया काम
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। शनिवार सुबह एसडीएम कार्यालय परिसर में एसडीएम कनिका गोयल ने सुबह 7 बजे पहुंचकर खुद सफाई अभियान का मोर्चा संभाला। उनके हाथ में झाड़ू देख कार्यालय के कर्मचारी भी जुट गए और देखते ही देखते पूरा परिसर चमक उठा। एसडीएम ने कार्यालय के कमरों की डस्टिंग से लेकर परिसर की सफाई तक में योगदान दिया। इस दौरान नगर परिषद की आधुनिक मशीनों का भी सहयोग लिया गया। परिसर से निकले कूड़े को नगर परिषद की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए निस्तारित किया गया।
सकारात्मक ऊर्जा के लिए स्वच्छता जरूरी : कनिका
एसडीएम कनिका गोयल ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। उन्होंने स्टाफ को प्रेरित करते हुए कहा, साफ-सुथरे वातावरण से न केवल सकारात्मक ऊर्जा मिलती है, बल्कि कार्यक्षमता भी बढ़ती है। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी सीट और आसपास के क्षेत्र को नियमित स्वच्छ रखने की हिदायत दी। इस मौके पर नायब तहसीलदार आशीष कुमार, रीडर रमेश कुमार और सफाई निरीक्षक गौरव समेत तहसील का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।