अंबाला। रेल दुर्घटनाओं में आमजन की हानि को रोकने और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को लेकर आरपीएफ ने कार्रवाई आरंभ कर दी है। आरपीएफ के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में आज अंबाला रेलवे यार्ड सहित डीएफसीसीआईएल कॉरिडोर की रेल लाइन पर अभियान चलाया गया और अनधिकृत तरीके से रेल लाइनों को पार करते हुए 9 लोगों को पकड़ा गया।
अभियान की कमान अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रविंदर सिंह व डीएफसीसी कॉरिडोर के सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार सांगवान को सौंपी गई थी। दोनों निरीक्षकों ने अपनी टीम के सदस्यों के साथ रेलवे लाइन पार करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया। संयुक्त चेकिंग के दौरान किलोमीटर नंबर 269/10 व डीएफसीसीआईएल के किमी नंबर 1158/17 आस-पास कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लाइनों को पार करते हुए लोगों को पकड़ा। लोगों को उनके अपराध से संबंधित जानकारी भी दी गई।
उन्हें प्रेरित किया गया कि वो रेल पुलों का इस्तेमाल करें न कि रेलवे लाइनों का। पकड़े गए सभी लोगों के विरुद्ध अंबाला छावनी पोस्ट पर रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सभी को न्यायालय में पेश किया और एक-एक हजार रुपये जुर्माना करके केसों का निपटारा किया गया। आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि ट्रेनों पर हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। संवाद