वार्मर गाउन में बच्चे को रखे हुए माता। विभाग
अंबाला सिटी। नागरिक अस्पताल में चल रहे एमएसएनसीयू में अब माताओं के लिए नए वार्मर गाउन मिलेंगे। इससे नवजात को माता गोद में उठाने की बजाय गाउन में ही रख सकती है। बच्चे को माता का स्पर्श भी मिलता रहेगा। ये गाउन संक्रमण से बचाव करेंगे।
नागरिक अस्पताल में फिलहाल 50 गाउन पहुंचे हैं। जिन्हें जल्द ही इस्तेमाल कर दिया जाएगा। इससे पहले माताओं को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कंगारू मदर केयर कार्यक्रम के तहत ही गाउन का निर्माण किया गया है। इससे पहले जो गाउन आए थे वे गर्मियों के थे अब नए गाउन ठंड को देखते हुए ही बनाया गया है।
मां और बच्चे की एक ही जगह होगी जांच
नागरिक अस्पताल में अब शिशु के साथ ही माता की जांच होगी। इसके लिए सोसाइटी फॉर अप्लाइड स्टडी की टीम ने सुझाव दिए हैं। जहां पहले प्रसव के बाद फाइल में माता की जानकारी होती थी वहीं अब माता के साथ बच्चे की भी जानकारी दर्ज होगी। इससे बच्चे के बेहतर उपचार में मदद मिलेगी।
जल्द ही होगा निरीक्षण
सोसाइटी फॉर अप्लाइड स्टडी की टीम नागरिक अस्पताल में जल्द ही निरीक्षण करेगी। इस दौरान टीम नवजातों की सुविधाओं में किए गए सुधारों का आकलन करेगी और इसके आधार पर ही आगे की रिपोर्ट भेजेगी। अगर किसी सुविधा में कोई कमी होगी तो टीम उसमें सुधार करवाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वर्जन
माताओं के लिए नए गाउन मंगवाए गए हैं। इनसे कंगारू की तरह माताएं बच्चे को गोद में उठा सकती हैं। इसके साथ ही इन गाउन में संक्रमण का भी खतरा नहीं रहता है।
डॉ़ तरुण, नोडल अधिकारी सोसाइटी फॉर अप्लाइड स्टडी अंबाला।