अंबाला। मंडल से निकलने वाली मालगाड़ियों की रफ्तार अब बढ़ जाएगी। मंडल ने अंबाला-सहारनुपर रेल सेक्शन पर मुस्तफाबाद से दराजपुर स्टेशन के बीच नई रेल लाइन बिछा दी है और ट्रायल सफल होने पर मालगाड़ियों का संचालन भी शुरू कर दिया है। ये जानकारी उत्तर रेलवे महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने दी।
उन्होंने बताया कि उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन द्वारा बिछाई जाने वाली अप और डाउन रेल लाइनों के कुछ हिस्से को स्थायी रूप से अलग कर दिया है। जिससे तेज गति से चलने वाली मालगाड़ियों का परिचालन किया जा सके। उत्तर रेलवे महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने बताया कि दो किलोमीटर रेल लाइन के हिस्से को उसके मूल स्थान से हटाकर अंबाला-सहारनपुर सेक्शन के मुस्तफाबाद-दराजपुर स्टेशनों के बीच एक नए स्थान पर ले जाया गया है, वहीं नई अप और डाउन लाइन निर्धारित समय में बिछाई गई हैं और इस सेक्शन पर दो बड़े नए पुल भी बनाए हैं। सेफ्टी इंस्पेक्शन के बाद इस लाइन को मालगाड़ियों के आवागमन के लिए खोल दिया है। दरअसल, डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ईस्टर्न डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। मंडल के अधीन पंजाब के साहनेवाल से सहारनपुर के नजदीक पिलखनी स्टेशन तक नई रेल लाइन बिछाई जा रही है, यह रेल लाइन कोलकाता तक बिछाई जानी है।