अंबाला। कबाड़ी बाजार की पुलिया के निर्माण में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार पर 35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह राशि उनकी जमा करवाई हुई सिक्योरिटी से काटी जाएगी। इस संबंध में निकाय विभाग को भी लिखित तौर पर जानकारी दे दी गई है। वहीं संबंधित ठेकेदार से सदर बाजार की चौक की पुलिया का निर्माण भी नहीं करवाया जाएगा ताकि दोबारा ऐसी गलती न हो।
कबाड़ी बाजार क्षेत्र में वाहनों के आवागमन के लिए पुलिया को नए सिरे से चौड़ा करने का निर्माण शुरू किया गया था। इस परियोजना पर लगभग डेढ़ करोड़ की राशि खर्च की गई लेकिन परियोजना से जुड़े ठेकेदार ने कभी श्रमिक न होने का बहाना बनाया तो कभी सामान की कमी का। इस कारण जो काम छह माह में पूरा किया जाना था, उसे डेढ़ वर्ष में पूरा किया गया। जब इस संबंध में ठेकेदार को नोटिस देकर जवाब मांगा गया तो वह उचित जवाब नहीं दे पाया।
नई निविदा होगी जारी : कबाड़ी बाजार के साथ विजय रत्न चौक के पास पुलिया के निर्माण का भी ठेका कुरुक्षेत्र की एजेंसी को दिया गया था और यह कार्य भी लगभग डेढ़ करोड़ में पूरा किया जाना था। लेकिन काम में लापरवाही को लेकर संबंधित एजेंसी का ठेका रद्द कर दिया गया है और अब नगर परिषद ने नए सिरे से सदर बाजार की पुलिया के निर्माण को लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिया है और जल्द इसकी निविदा जारी करने की बात कही गई है ताकि वाहनों का आवागमन सुविधाजनक हो सके।