(अंबाला)नारायणगढ़। नाबालिग से दुष्कर्म और फिर गर्भपात करवाने के आरोपी हुसैनी गांव के नवनीत को नारायणगढ़ पुलिस 25 दिनों बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई। पीड़िता ने 26 जून को महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी लेकिन अब तक आरोपी फरार चल रहा है। आरोपी ने बचाव के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी लगाई थी जिसे तीन दिन पहले रद्द किया जा चुका है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में आरोपी को बचाने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोपी महिला नारायणगढ़ तत्कालीन थाना प्रभारी सतविंद्र कौर व सब इंस्पेक्टर रजविंद्र कौर के मामले की जांच कुरुक्षेत्र एसपी द्वार की जा रही है जबकि एक अन्य मामले में इसी थाने की निलंबित हवलदार रजनी शर्मा पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के मामले में डीएसपी बराड़ा रजनीश शर्मा ने शिकायतकर्ता जरनैलो देवी और उसके बेटे राकेश को बुलाया। दोनों के बयान भी दर्ज किए।
बता दें कि जरनैलो देवी ने अपने बेटे को झूठे केस में फंसाने से बचाने के लिए रजनी शर्मा व अन्य कर्मचारियों पर आरोप लगाए थे। इस मामले की ऑडियो भी वायरल हुई थी जिसमें रजनी शर्मा कह रही हैं कि उन्होंने जो रुपये लिए हैं उनमें दो हजार रुपये डीएसपी नारायणगढ़ के रीडर को भी दिए थे। डीएसपी रजनीश शर्मा ने बताया कि इस मामले की अभी जांच चल रही है। आरोपी पक्ष को बुलाया गया था उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं।