अंबाला। नगर परिषद के चुनावों को लेकर कार्रवाई तेज कर दी गई है। मंगलवार को अंबाला छावनी के उपमंडल कार्यालय में नामांकन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान दो नामांकन पत्रों में कमी पाई गई। इसमें चेयरमैन पद के लिए आजाद उम्मीदवार ममता रानी तो वार्ड नंबर 24 से पार्षद के लिए किरन का नामांकन रद्द कर दिया गया है। बताया जाता है कि चेयरमैन पद की उम्मीदवार ममता रानी को शिक्षा से जुड़ा माध्यमिक कक्षा का प्रमाणपत्र पेश करने को कहा तो वो इसे नहीं दिखा पाईं। इसी तरह वार्ड नंबर 24 की आजाद उम्मीदवार किरन को भी पांचवीं कक्षा से संबंधित प्रमाणपत्र पेश करने को कहा तो वो भी यह दस्तावेज पेश नहीं कर पाईं। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए दोनों उम्मीदवारों का नामांकन रद्द कर दिया।
चेयरमैन के लिए चार महिलाएं मैदान में
नगर परिषद सदर अंबाला छावनी में चेयरमैन का ताज किसके सिर सजेगा, यह तो आठ मार्च को स्पष्ट हो जाएगा। वहीं अब चेयरमैन पद के लिए एक महिला का नामांकन रद्द होने के बाद चार उम्मीदवार ही मैदान में रह गई हैं। इसमें भाजपा की उम्मीदवार स्वर्ण कौर के अलावा आजाद उम्मीदवार मनदीप कौर, मनप्रीत कौर और रवनीत कौर शामिल हैं। इसी प्रकार 32 वार्डों में पार्षद पद पर कुल 114 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। अब 113 उम्मीदवार मैदान में रह गए हैं।
102 चुनाव चिह्न पर मंथन
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर परिषद चुनावों को लेकर 102 प्रकार के चिह्न तैयार किए गए हैं। चेयरमैन पद के लिए घड़ी और डमरू के अलावा 49 अन्य चिह्न बनाए गए हैं। इसी प्रकार पार्षद पद के लिए कप-प्लेट, साइकिल व छतरी आदि के निशान भी 51 चिह्न बनाए गए हैं। चुनाव चिह्न को लेकर आवेदन फार्म में भी जानकारी मांगी गई थी और चार अलग-अलग निशान उम्मीदवारों ने भरे थे। इनमें से ही एक चिह्न उम्मीदवार को दिया जाएगा।
पौने दो लाख मतदाता चुनेंगे छोटी सरकार
नगर परिषद के अधीन 32 वार्ड में 1 लाख 77 हजार 590 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 91 हजार 969 और महिला मतदाताओं की संख्या 85 हजार 613 हैं। जबकि आठ अन्य मतदाता हैं। दो मार्च को सभी मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे और छोटी सरकार को चुनेंगे ताकि उनके द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि अपने-अपने वार्ड की खामियों को दूर करके विकास कार्याें को पूरा करवा सकें।
मंगलवार को चेयरमैन पद के पांच और पार्षद पद के 114 उम्मीदवारों के दस्तावेजों का आंकलन किया गया। इस दौरान चेयरमैन पद की आजाद उम्मीदवार ममता रानी और वार्ड 24 की आजाद उम्मीदवार किरन का नामांकन दस्तावेजों में कमी के चलते रद्द कर दिया गया है। बुधवार को संबंधित उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न दिए जाएंगे।
सुनील कुमार, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, अंबाला कैंट।