महेश नगर थाना क्षेत्र में हुए मर्डर की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। आरोपियों ने रुपयों के लालच में आकर व्यक्ति की ईंट मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस संबंध में जहां आरोपी को काबू किया, वहीं अपराध की सूचना न देने पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
डीसीपी अरबन डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि 18 सितंबर को थाना महेश नगर में राजकुमार निवासी गांव कंचनापुर, थाना सोनवा, जिला श्रावस्ती, उत्तर प्रदेश ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वे चार भाई हैं। उसका छोटा भाई मंगली प्रसाद व बड़ा भाई वासुदेव मेहनत मजदूरी करने के लिए जून 2016 में अंबाला आए थे। उसके भाई मंगली प्रसाद ने फोन पर बताया था कि उसके साथ गांव के मुनन, छबीले, छटकउ, अयोध्या प्रसाद, डिप्टी, पप्पू, बरसाती भी अंबाला में मिल गए हैं। वे सभी गांव वाले प्रभु पुरम, अंबाला छावनी में एक खाली पड़े मकान में रहते हैं। 13 सितंबर की दोपहर को उसके भाई मंगली प्रसाद ने बताया कि उसका गांव वालों के साथ रुपयों को लेकर हर रोज झगड़ा व मारपीट करते हैं। वह उन सभी से परेशान होकर घर आ रहा है। उन्होंने 14 सितंबर को अयोध्या प्रसाद ने उससे फोन पर मंगली प्रसाद के घर पहुंचने की बात पूछी, जिस पर उसने कहा कि वह नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को उसके भाई वासुदेव के साथ गांव के मुनन, छबीले, छटकड, अयोध्या प्रसाद, डिप्टी, पप्पू, बरसाती गांव में आ गए। जब उसने उनसे अपने भाई के बारे में पूछा तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिस पर उन्हें शक हो गया। इसी को लेकर उन्होंने 22 सितंबर को थाना सोनवा उत्तर प्रदेश में शिकायत दी।
पुलिस द्वारा उन सब से पूछताछ के दौरान मुनन ने बताया कि जिस मकान वे सभी रहते थे, उसमें एक आदमी का शव पड़ा था। फिर वह व उसका भतीजा दिनेश मिश्रा अंबाला आकर महेश नगर थाना में पहुंचे और उसके भाई मंगली प्रसाद के गुम बारे सूचना दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रभु प्रेम पुरम के निर्माणाधीन मकान से एक कंकाल मिला, जिसके कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान हो पाई। इस वारदात के मुख्य आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ पर इस बात का खुलासा किया है कि मंगली प्रसाद के पास 30 हजार रुपये थे, पैसे के लालच मे आकर उसके सिर में ईंट मारकर हत्या कर करके शव को छुपाकर भाग गया। पकड़े गए आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।