अंबाला सिटी। अच्छा सिला दिया तूने मेरी दोस्ती का...यह लाइन किसी का दिल दुखा सकती है लेकिन यहां तो दोस्तों ने अपने ही दोस्त को जहर दे दिया। कुछ देर बाद युवक की मौत हो गई तो यही दोस्त ऑटो में उसका शव लेकर उसके घर के दरबाजे पर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों से भी भूल हुई बेटे को नशे में समझकर उसे घर के अंदर लिटा दिया। सुबह जब बेटा नहीं उठा तो उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घुमाने के बहाने साथ लेकर गए दोस्तों ने कबीर नगर के 20 वर्षीय मोगली उर्फ सागर की जहरीला पदार्थ देकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक के पिता धीरजपाल की शिकायत पर कबीर नगर के ही मनीष और राहुल के खिलाफ हत्या के आरोप का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी मनीष के शव को आटो में घर के बाहर छोड़ गए। मोगली को बेहोश मानकर परिवार के लोगों ने उसे कमरे में बिस्तर पर लिटा दिया। देर सुबह तक स्वयं नहीं उठा। परिजन उसे एक प्राइवेट डाक्टर के पास ले गया। शरीर ठंडा पाकर डाक्टर ने उसे सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में भाई ने किया हंगामा
अस्पताल में मृतक के भाई ने हंगामा किया। पुलिस पर आरोप लगाए कि कबीर नगर में अवैध धंधे चलते हैं। स्मैक का कारोबार होता है लेकिन पुलिस सब कुछ जानते हुए भी कार्रवाई नहीं करती। इसी कारण उसके भाई की हत्या की गई है। इस दौरान एक पुलिस कर्मी से भी उसकी जमकर बहस हुई। हालांकि कुछ देर में स्थिति काबू में आ गई।
जमीनी विवाद माना जा रहा हत्या का कारण
आरोपी वारदात के बाद से ही भूमिगत हो चुके हैं। इसीलिए हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका लेकिन बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद के चलते आरोपियों ने साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। कोरोना रिपोर्ट के बाद शव का पोस्टमार्टम करा दाह संस्कार कर दिया गया।
3 घंटे घर में ही पड़ा रहा शव, परिजनों को लगा नशे में है...
पिता धीरज के अनुसार उसके तीन लड़कों व एक लड़की में से सागर सबसे छोटा था। वह वीटा मिल्क प्लांट में गाड़ी चलाता है। मां रानी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब दस बजे राहुल और मनीष उनकी बेटे को अपने साथ ले गए थे। लगा कि देर शाम तक वह वापस लौट आएगा। लेकिन वह नहीं आया। देर रात तक नहीं आया तो रिश्तेदारों व पड़ोसियों की मदद से उसे ढूंढा लेकिन नहीं मिला। सुबह करीब चार किसी ने दरवाजा खटखटाया। आरोपी मनीष और राहुल ने कहा कि मोगली आटो में पड़ा है। परिवार को लगा कि कहीं ज्यादा नशा न किया हो, थकान न हो, किसी अनहोनी से अंजान वे उसे घर के भीतर ले गए। सुबह करीब सात बजे तक जब वह नहीं उठा तो उन्हें शक हुआ। उसका शरीर नीला पड़ चुका था। इसके बाद अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने राहुल व मनीष पर जहरीला पदार्थ देकर मोगली की हत्या के आरोप लगाए हैं। आरोपों की तफ्तीश जारी है। गिरफ्तारी के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
-सतनारायण, इंस्पेक्टर बलदेव नगर थाना।
murder- फोटो : Ambala