अंबाला। स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए नगर परिषद अब नए डस्टबिन खरीदेगा। अंबाला छावनी को गंदगी मुक्त करने के अभियान के तहत यह कार्यवाही की जाएगी। नगर परिषद ने डस्टबिन खरीदने के लिए निविदा जारी कर दी है जिससे अंबाला छावनी के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़कों पर बिखरी गंदगी का समाधान हो सके।
नगर परिषद ने 32 वार्डों का आंकलन करने के बाद 48 प्वाइंट्स निर्धारित किए हैं ताकि यहां डस्टबिन रखे जा सकें। इस योजना को तैयार करने से पहले नगर परिषद ने सभी डंपिंग जोन का आंकलन करवाया था कि छावनी के लोग कौनसी जगह पर कचरा फैंकते हैं। इस आंकलन के आधार पर ही सभी वार्डों की प्रमुख गलियों और चौक-चौराहों को योजना में शामिल किया गया है।
यहां लगेंगे डस्टबिन
फोनिक्स क्लब के अंदर, जीरो क्रॉस रोड, प्रभाकर अस्पताल, ब्राह्ममण सभा के पास, मटरू की गली, जैन धर्मशाला के पास, बासी एमसी वाले नाले पर, एमसी के घर के आगे वाले चौक पर, बब्बू साइकिल वाले के पास, दीना की सब्जी मंडी, लक्ष्मण हलवाई, रेस्ट हाउस, अन्नपूर्णा टैंट हाऊस, मलेरिया ऑफिस के पास 4 नंबर, बिजली बोर्ड 12 कॉस रोड, मच्छी मार्किट 12 कॉस रोड, हाथी खाना मंदिर के पास, रेलवे रोड, रेडकॉस सोसायटी कार्यालय के अंदर, 12 कॉस रोड पक्की सराय। इसके अलावा 12 क्रॉस रोड वाल्मीकि मंदिर के पास, फुटबॉल चौक के पास, एसडीएम कार्यालय के पास, बैंक रोड, राय मार्केट पार्क के पास, कमिश्नर विश्राम गृह के पास लगेंगे। साथ ही न्यू सब्जी मंडी जगाधरी रोड, काग्रेस भवन के पास, एचडीएफसी बैंक के पास, बीसी स्कूल के पास, एसडी पब्लिक स्कूल के पास, सिविल अस्पताल, अग्रवाल धर्मशाला, शाहपुर मच्छौंडा, घसीटपुर गांव, बस अड्डे के अंदर, आंबेडकर पार्क 12 क्रॉस रोड, मोची मंडी, कोका कोला फैक्टरी के पास, सरकारी कॉलेज के पास, निशात सिनेमा के पास, स्काउट कार्यालय के पास, शिव प्रकट मंदिर के पास, कुम्हार मंडी चौक और 12 कॉस रोड पानी की टंकी के बाहर नए डस्टबिन रखवाए जाएंगे।
चलेगा जागरूकता अभियान
स्थानीय निवासियों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए वार्ड स्तर पर कमेटियों के गठन की प्रक्रिया चल रही है। यह कमेटियां अपने-अपने क्षेत्रों में पार्काें का भी रख-रखाव करेंगे। इसके लिए उन्हें नगर परिषद की तरफ से कुछ फंड भी उपलब्ध करवाया जाएगा। वहीं बीच रास्ते कूड़ा-करकट फैंकने वालों पर कार्यवाही के लिए भी कमेटियों को पावर दी जाएगी।
स्वच्छता रैंकिंग में सुधार को लेकर नए डस्टबिन लगाने की निविदा लगाई गई है ताकि अंबाला छावनी को गंदगी मुक्त किया जा सके। इसके तहत स्थानीय कमेटियों की भी मदद ली जाएगी ताकि लोग खुद भी जागरूक हों और दूसरों को भी जागरूक कर सकें।
विनोद बैनीवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक, नप सदर।