अंबाला सिटी। लोगों की सुविधाओं के लिए नगर निगम प्रशासन ने निजी कॉलोनियों के बीच सुंदर पार्कों का निर्माण किया। पार्कों का बेहतर रखरखाव करवाने के लिए स्थानीय कॉलोनियों के निजी लोगों द्वारा बनाई गई वेलफेयर एसोसिएशन को जिम्मेदारी दी गई, लेकिन पदाधिकारियों की ओर से कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। इस कारण पार्कों की हालत दयनीय हो चुकी है।
बता दें कि अंबाला सिटी के प्रेम नगर क्षेत्र में बने पार्कों की हालत दिन प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्कों के बीच गंदगी फैली हुई है। वही, लंबी-लंबी जंगली घास उग गई है। पानी और रखरखव के अभाव में भीषण गर्मी के चलते पेड़ पौधे सूखने लगे हैं। पार्क में लगे ज्यादातर झूले टूट चुके हैं। इस ओर निगम प्रशासन का बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में बनाए गए पार्कों की व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाए ताकि पार्कों की व्यवस्था सही हो सके।
जिम्मेदारी की खत्म
पार्कों के लिए प्रशासन की ओर से रखरखाव के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। प्रशासन ने वेलफेयर एसोसिएशन को जिम्मेदारी देकर अपनी जिम्मेदारी खत्म कर ली है। इस कारण पार्कों की हालत पूरी तरह से खराब हो चुकी है।
ध्यान देने की जरूरत
दिनों दिन बढ़ रही भयंकर गर्मी के बीच पेड़ पौधों को पानी न मिलने के कारण वह सूखते जा रहे हैं। इस ओर ध्यान देने की सख्त जरूरत है। यदि यह हालात इसी प्रकार बरकरार रहे तो जल्द ही पार्क पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे।
लगा रहता है जमावड़ा
प्रेम नगर के पार्क में लड़के-लड़कियों का जमावड़ा लगा रहता है। वह घंटों तक पार्क के बीच समय व्यतीत करते हैं। इस कारण माहौल खराब हो रहा है। प्रशासन को चाहिए कि इन लोगों पर कोई संज्ञान ले ताकि क्षेत्र का माहौल खराब न हो।
ठोस कदम उठाने की जरूरत
प्रेम नगर में मेन पार्क में जंगली घास की भरमार है। सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जिसको लेकर प्रशासन को कोई न कोई ठोस कदम उठाने चाहिए। यदि समय रहते निगम प्रशासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया तो जल्द ही पार्क जंगल में तब्दील हो जाएंगे।
ज्यादातर झूले टूट पड़े
पार्कों के बीच बच्चों के खेलने के लिए झूले आदि लगाए गए थे जो ज्यादातर टूटी अवस्था में पड़े हैं। प्रशासन को चाहिए कि बच्चों के मनोरंजन के लिए खराब झूलों को तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करवाएं ताकि बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो सके।
पार्कों की व्यवस्था को देखना वेलफेयर एसोसिएशन का काम है, लेकिन पिछले काफी समय से एसोसिएशन की ओर से काम न करने के बारे में स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतें मिल रहीं थी। निगम की ओर से आश्वासन मिल चुका है कि मौजूदा वेलफेयर एसोसिएशन को भंग कर नई एसोसिएशन का गठन जल्द करवाया जाएगा ताकि पार्कों का रखरखाव बेहतर ढंग से हो सके।
यतिन बंसल, पार्षद नगरनिगम, वार्ड नंबर 11, अंबाला।