अंबाला। ब्याज पर लिए रुपये चुकाने पर भी गिरवी रखे लाखों के गहने न लौटाने वाले सूदखोर पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पीड़ित महिला नीलम का आरोप है कि आरोपी ने 47 ग्राम सोने व डायमंड के गहने रखकर ब्याज पर रुपये दिए थे। जब रुपये लौटाने की बारी आई तो आरोपी जेवरात देने से मुकर गया। सेक्टर-9 थाना पुलिस ने छोटा शिवाला निवासी नीलम की तहरीर पर शुभ ज्वेलर्स राहुल जैन पर मामला दर्ज कर लिया।
पीड़िता नीलम ने बताया कि घर की स्थिति खराब होने के कारण रुपयों की सख्त जरूरत थी। 12 अगस्त को पता चला कि आरोपी राहुल जैन रुपये उधार देता है। पति राकेश के साथ सिटी के सेक्टर-7 स्थित राहुल जैन की दुकान पर गई तो नौकर मिला था। आरोपी ने जेवरात गिरवी रखवाने पर ही रुपये देने की बात कही थी। कहने पर 47 ग्राम सोना देकर डेढ़ लाख रुपये लिए थे। 9 प्रतिशत प्रति माह की दर से ब्याज लगने की बात कही थी। उस समय खाली पेपर पर हस्ताक्षर करवा लिए थे। रुपये वापस होने का इंतजाम होने पर आरोपी के पास गए तो उसके नौकर शीशपाल ने पति को एक केबिन में बंद कर धमकाया। गाली-गलौज करने के बाद दिए गए जेवरात के बारे में मुकरने लगा। जब आरोपी को बोला कि उनकी पास जेवरात देते हुए कि फोटो है तो धमकाते हुए बोला कि बिना अनुमति के फोटो खींचने पर वह उसे जेल करवा देगा।
इकोनॉमिक सेल में समझौते के बाद भी नहीं लौटाए रुपये
पीड़िता नीलम ने बताया कि जेवरात न लौटाने पर 25 अक्तूबर को इकोनॉमिक सेल में शिकायत दी थी। उस समय आरोपी ने कबूला लिया था कि उसने जेवरात देने हैं। जबकि हमारे द्वारा ब्याज सहित 1.80 लाख रुपये लौटाने की बात कही थी। दोनों के बीच समझौता हो गया था। बावजूद आरोपी अपनी पहचान बड़े-बड़े लोगों से बताकर धमकाए जा रहा है। पीड़िता ने पूरे परिवार को खतरा होने की बात भी बोली है।