अंबाला। ऑपरेशन शील्ड के तहत छावनी के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में शनिवार को मॉकड्रिल की। इस दौरान एंबुलेंस मौके पर एकदम से नहीं पहुंच सकी। उसे तीन मिनट आने में देरी हो गई।
ऐसे में एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) ने कॉम्पलेक्स से जिन घायलों को उतारा उन्हें पुलिस ने मजबूरन पीसीआर जिप्सी में ले जाने की कोशिश करती दिखी। इस दौरान पास में ही डायल 112 खड़ी थी उसके चालक समीप पर ही थे। वह आए और इसके बाद डायल 112 से एक घायल को नागरिक अस्पताल भेजा गया।
इसके बाद 6:06 बजे पर एंबुलेंस पहुंची और पुलिस ने डायल 112 से मरीज को निकालकर एंबुलेंस में बैठाया। इस दौरान 10 घायलों को एंबुलेंस की मदद से कैंट के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान मुनादी भी कराई गई और एसडीएम विनेश कुमार ने भी हालातों का जायजा लेकर मॉकड्रिल को सफल बताया।
हवाई हमले की सूचना पर किया था मॉकड्रिल
प्रशासन को रक्षा वाॅलंटियर से सूचना मिली कि छावनी में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में एयर स्ट्राइक होने वाली है। इसके बाद कॉम्पलेक्स में शाम छह बजे एयर स्ट्राइक के लिए सायरन बजने लगे। सायरन बजते ही एक मिनट के भीतर फायरब्रिगेड की गाड़ियां आ गईं। उन्होंने आग को बुझाने का काम किया। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कॉम्पलेक्स के द्वितीय व तृतीय तल पर जाकर घायलों को कंधों, स्ट्रेचर और हाथों से उठाकर लाना शुरू कर दिया।
प्रशासन आपातकालीन सेवाओं का कर रहा आकलन
एसडीएम विनेश कुमार ने बताया कि इस मॉकड्रिल के माध्यम से हम देखना चाह रहे थे कि प्रशासन की आपातकालीन सेवाएं कितनी देर में राहत बचाव कार्य कर पाते हैं। इसका एक अलग टीम आकलन कर रही है। वहीं, अस्पताल में 10 घायलों को भेजा है, जिसका उपचार चल रहा है। इसके बाद पुलिस अधिकारी अस्पताल भी गए। वहां पर घायलों की स्थिति को भी देखा।
एंबुलेंस का इंतजार करने के बाद घायलों को पुलिस जीप में ले जाते हुए एसडीआरएफ। संवाद