बराड़ा। आदिबद्री तीर्थ स्थल पर माथा टेककर लौट रहे एमएम यूनिवर्सिटी मुलाना के दो छात्रों को बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट कर लूट लिया। बदमाश एक छात्र से उसका 3500 रुपये से भरा पर्स, चेन, मोबाइल और पॉवर बैंक लूट ले गए।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के गांव कोतमा निवासी आदित्य कुमार ने साढौरा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एमएम यूनिवर्सिटी मुलाना में रेडियो थ्रेपिक का कोर्स कर रहा है। वह प्रथम वर्ष का छात्र है। वह मुलाना में ही पीजी में रहता है। वह अपने एक साथी के साथ बाइक पर आदिबद्री तीर्थ स्थल पर माथा टेकने गया था। वहां से माथा टेककर देरशाम को लौट रहे थे। जब वह गांव कोटला चौराहे के पास पहुंचे तो बाइक पर सवार होकर तीन अज्ञात युवक आए।
आरोपितों ने उनके पास बाइक लगाकर उनसे गाली गलौज करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने गाली देने का कारण पूछा तो आरोपितों ने उन्हें रोक लिया और उनसे मारपीट करनी शुरू कर दी। जब उन्होंने शोर मचाया तो कुछ राहगीर वहां पहुंच गए। जिन्हें देखकर तीनों आरोपित वहां से चले गए। इसके बाद जब वह कॉलेज की तरफ चलने लगे तो कुछ दूरी पर फिर उन तीनों युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने उसका पर्स, गले से चांदी की चेन, मोबाइल, पाॅवर बैंक लूट लिया। पर्स में 3500 रुपये की नकदी थी। इसके बाद वह किसी तरह पीजी मुलाना पहुंचे और अपने साथियों को वारदात के बारे में बताया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। एसएचओ मेम सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।