अंबाला सिटी। अमर उजाला के भविष्य ज्योति 2025 कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि मंत्री अनिल विज और अन्य ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री विज ने कहा कि पहले ज्ञान प्राप्त करने के माध्यम सीमित थे। जो पढ़ाया जाता था वही आगे बताते थे। हर अच्छे काम की शुरुआत ज्योति प्रज्वलित करके होती है यानी तमसो मा ज्योतिर्गमय का सामान्य अर्थ यह है कि अंधकार से प्रकाश की ओर चलो, बढ़ो। हमारे समय में मोबाइल, टीवी, टैब और इंटरनेट नहीं था। हम स्कूल की किताबों से पढ़ते थे, जिसमें सीमित ज्ञान था। हम जब स्कूल-काॅलेज में थे तो स्टेट लाइब्रेरी में तीन-चार घंटे पढ़ते थे। मगर ज्ञान अथाह है, जिसे किताबों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। ज्ञान प्राप्त करने की ख्वाहिश हमेशा रहती है।
अमर उजाला कर रहा बेहतर कार्य
मंत्री विज ने कहा कि विद्यार्थियों का सम्मान एक पुनीत पहल जो कुछ समाचार पत्रों की ओर से की जा रही है। उन्होंने कहा कि न्यूज पेपर चार शब्दों को मिलकर बना है, जिसमें नार्थ, ईस्ट, वेस्ट और साउथ यानि हमारे चारों ओर जो घटित हो रहा है उसे सही ढंग से पहुंचाना। समाचार पत्र समाज का आईना है और सबके सामने समाचार लाने के काम को अमर उजाला कर रहा है।
इन लोगों ने किया सहयोग
कार्यक्रम के आयोजन में अमर उजाला के साथ टेक्कॉन (भुवन मार्केटिंग) से राजू भसीन मुख्य सहयोगी रहे। पावर्ड बाय कॅरिअर डिफेंस स्कूल के निदेशक इंजीनियर विनय रॉय और बेन फार्मा से योगेश मिड्ढा ने शिरकत की। वेन्यु सहयोगी के रूप में रमाडा एन्कोर होटल से एमडी राजीव गोयल प्रमुख रूप से मौजूद रहे, जबकि तनेजा पब्लिक स्कूल से वंश तनेजा, सन इंस्टीट्यूट से अरुण खरबंदा का आयोजन में विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन प्रो. शालिनी शर्मा ने किया।