पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के बयान दिल्ली लाल किले के बाहर कश्मीर की आवाज गूंजी है पर हरियाणा में सियासत गर्म हो गई है। इस पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर महबूबा मुफ्ती यह कहती हैं कि दिल्ली लाल किले पर जो आतंकवादी घटना हुई है वह कश्मीर की आवाज है तो महबूबा मुफ्ती उग्रवाद का समर्थन कर रही हैं और पहले भी उन्होंने उग्रवाद का समर्थन किया है।
विज्ञापन
महबूबा मुफ्ती उग्रवादियों की मां: विज
मंत्री विज ने कहा वास्तव में महबूबा मुफ्ती उग्रवादियों की मां हैं, जो इतनी बड़ी घटना को कश्मीर की आवाज बता रही हैं। महबूबा मुफ्ती के बयान पर भड़कते हुए मंत्री विज ने कहा कि आतंकी घटना को यह कश्मीर की आवाज बता रही हैं, तो इसका मतलब क्या कश्मीर की आवाज सुनाने के लिए देश में ये लोग जगह-जगह बम विस्फोट करेंगे। उन्होंने कहा महबूबा मुफ्ती पूरी तरह से इस देश की भावना के खिलाफ बात कर रही हैं।
कांग्रेस में नकली और झूठे नेता
बिहार चुनाव में कांग्रेस को मिली हार पर आयोजित समीक्षा बैठक पर तंज कसते हुए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कांग्रेस को समीक्षा करने की जरूरत नहीं है, यह नकली और झूठे नेता हैं। इनके ऊपर जनता विश्वास नहीं करती। वहीं प्रियंका गांधी के पति व कांग्रेस नेता रॉबर्ट वाड्रा के बयान कि बिहार चुनाव ढंग का नहीं था, चुनाव दोबारा होना चाहिए पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा बिहार की जनता का अपमान कर रहे हैं। वो प्रजातांत्रिक व्यवस्था का अपमान कर रहे हैं।